स्मैक धंधेबाज सुधीर व उसकी बहन गिरफ्तार
गोरखपुर शहर के अमरूतानी में स्मैक के धंधे को संभालने वाली मंजू की बेटी माला निषाद और उसके भाई सुधीर निषाद को पुलिस ने बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भेजा गया। दोनों लंबे समय से स्मैक के धंधे से जुड़े हैं।
बीते दिनों पुलिस ने इन दोनों पर डीएम से अनुमोदन के बाद गैंगस्टर की कार्रवाई की थी। तभी से पुलिस दोनों की तलाश में जुटी थी। पुलिस रिकॉर्ड में सुधीर पर 16 तो वहीं उसकी बहन माया पर 19 मुकदमे दर्ज हैं। दोनों अमरूतानी के चकरा अव्वल में घर बनवाकर रहते हैं।
एसओ राजेंद्र सिंह के मुताबिक, सुधीर, उसकी बहन, पत्नी, मां व भाई सभी स्मैक की खरीद-फरोख्त करते हैं। सब मिलकर से घर से ही नशे का धंधा करते हैं। गैंग की लीडर सुधीर की मां मंजू देवी है। गैंग के सदस्य सुधीर, उसकी बहन माला देवी आदि है। साथ ही बुनियादी लाभ हेतु व्यक्तियों को डराते धमकाते हैं।
अभी कुछ माह पूर्व मारपीट व स्मैक के साथ पुलिस ने सुधीर को जेल भिजवाया था। छूट कर आने के बाद इसने सुलह हो चुके एक मुकदमे की वादी महिला को धमकाया था। महिला ने एसएसपी से शिकायत भी की थी। इसके बाद पुलिस ने फिर कार्रवाई की है।
दरअसल, पंडिताईन का कद स्मैक के धंधे में घटने के बाद ही मंजू निषाद ने इसे आगे बढ़ाया है, लंबे समय से वह इस धंधे को बढ़ा रही है। इनके अवैध धंधे को देखते हुए एसपी सिटी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने खुद सबकी संलिप्ता और कार्रवाई का प्लान तैयार किया था, जिसके बाद इन पर कार्रवाई की गई है।
एसपी सिटी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया कि आरोपियों पर गैंगस्टर की कार्रवाई की गई थी। आरोपी भाई-बहन को जेल भेजा गया है, आगे भी पुलिस की कार्रवाई जारी रहेगी।















