बारात घर और उत्सव भवनों के निर्माण में तेजी लाने के निर्देश
उपनिदेशक पंचायत ने समीक्षा बैठक में तय समय में कार्य पूरा कराने पर दिया जोर।
गोरखपुर। मंडलीय उपनिदेशक पंचायत कार्यालय में सोमवार को जनपद गोरखपुर की परफॉर्मेंस ग्रांट से चयनित ग्राम पंचायतों में निर्माणाधीन बारात घरों तथा विधानसभा क्षेत्रवार बनाए जा रहे उत्सव भवनों की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक की अध्यक्षता उपनिदेशक पंचायत हिमांशु शेखर ठाकुर ने की।
बैठक में उपनिदेशक ने निर्माणाधीन परियोजनाओं की ग्राम पंचायतवार प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों, ग्राम पंचायत सचिवों, कंसल्टिंग इंजीनियरों और कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधियों से निर्माण कार्यों की वर्तमान स्थिति के बारे में जानकारी प्राप्त की।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि बारात घर और उत्सव भवनों के निर्माण कार्यों को हर हाल में तेजी से पूरा कराया जाए। शासन स्तर से इन परियोजनाओं की लगातार समीक्षा की जा रही है, इसलिए कार्यों में किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
समीक्षा के दौरान जिन स्थानों पर निर्माण कार्य शुरू करने अथवा प्रगति में किसी प्रकार की तकनीकी, प्रशासनिक या अन्य समस्या सामने आई, उसके तत्काल समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। उपनिदेशक ने कहा कि लंबित समस्याओं का आपसी समन्वय से निस्तारण कर निर्माण कार्य प्रत्येक दशा में शुरू कराया जाए और चल रहे कार्यों में तेजी लाई जाए।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं को निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने तथा गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयसीमा में परियोजनाएं पूरी करने के निर्देश दिए।
बैठक में एई जिला पंचायत मृगेंद्र बहादुर सिंह, संबंधित सहायक विकास अधिकारी पंचायत, ग्राम पंचायत सचिव, कंसल्टिंग इंजीनियर तथा बारात घर एवं उत्सव भवन निर्माण से जुड़ी कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे। बैठक में अधिकारियों ने दिए गए निर्देशों के अनुरूप निर्माण कार्यों में तेजी लाने का भरोसा दिलाया।















