सीएम के देवरिया दौरे की तैयारियों परखी, मंडलायुक्त-डीआईजी ने दिए पुख्ता इंतजाम के निर्देश
कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था देखी
गोरखपुर। मुख्यमंत्री के 29 अगस्त को प्रस्तावित देवरिया दौरे को लेकर प्रशासन और पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कार्यक्रम को सकुशल और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए मंडलायुक्त इन्द्र विक्रम सिंह और डीआईजी रेंज एस. चनप्पा ने गुरुवार को देवरिया पहुंचकर प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया।
मंडलायुक्त और डीआईजी ने जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक देवरिया के साथ कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, बैरिकेडिंग, मंच और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। संबंधित अधिकारियों से तैयारियों की जानकारी लेते हुए सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप समय से पूरा कराने के निर्देश दिए।
मंडलायुक्त ने कहा कि मुख्यमंत्री का कार्यक्रम महत्वपूर्ण है, इसलिए तैयारियों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों को समयबद्ध ढंग से पूरा करें। कार्यक्रम में आने वाले लोगों की सुविधा का भी विशेष ध्यान रखा जाए।
डीआईजी एस. चनप्पा ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए प्रवेश और निकास मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने, भीड़ प्रबंधन की प्रभावी योजना तैयार करने और यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यक्रम स्थल के आसपास सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने तथा किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए पुलिसकर्मियों को पूरी तरह सतर्क रहने को कहा।
अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने वाले मार्गों और पार्किंग व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। आमजन एवं विशिष्ट लोगों के आवागमन को देखते हुए आवश्यक स्थानों पर बैरिकेडिंग और पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा कार्यक्रम स्थल पर साफ-सफाई, बिजली, पेयजल, चिकित्सा और अन्य मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था दुरुस्त रखने को कहा गया। मंडलायुक्त और डीआईजी ने निर्देश दिया कि कार्यक्रम से पहले सभी व्यवस्थाओं का दोबारा परीक्षण कर कमियों को दूर कर लिया जाए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक देवरिया ने मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर अब तक की गई तैयारियों की जानकारी दी। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते हुए कार्यक्रम को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने पर जोर दिया।















