बरावफात के जुलूस को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसएसपी ने परखी सुरक्षा व्यवस्था धर्मशाला से पांडे हाता तक संवेदनशील इलाकों का निरीक्षण, भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश

बरावफात के जुलूस को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसएसपी ने परखी सुरक्षा व्यवस्था

धर्मशाला से पांडे हाता तक संवेदनशील इलाकों का निरीक्षण, भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश

गोरखपुर। बरावफात के जुलूस को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को जिलाधिकारी दीपक मीणा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने जुलूस के संभावित मार्ग और संवेदनशील क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद व्यवस्थाओं को परखते हुए संबंधित अधिकारियों को सतर्कता बरतने और आपसी समन्वय से काम करने के निर्देश दिए।

डीएम और एसएसपी ने धर्मशाला, अलीपुर, घंटाघर, बक्शीपुर और पांडे हाता समेत विभिन्न प्रमुख स्थानों का निरीक्षण किया। इस दौरान जुलूस के मार्ग, भीड़ की संभावित स्थिति, पुलिस बल की तैनाती, यातायात संचालन और आमजन की सुविधाओं से जुड़े इंतजामों की जानकारी ली गई।

संवेदनशील क्षेत्रों में रहेगी विशेष निगरानी

अधिकारियों ने निर्देश दिया कि जुलूस के दौरान संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता बरती जाए। निर्धारित मार्ग पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के साथ भीड़ नियंत्रण के प्रभावी इंतजाम किए जाएं। किसी भी स्थिति में लापरवाही न बरतने और छोटी से छोटी सूचना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल उच्चाधिकारियों को अवगत कराने के निर्देश दिए गए।

यातायात व्यवस्था पर भी रहेगी नजर

जुलूस के दौरान शहर की यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो, इसके लिए आवश्यकतानुसार यातायात नियंत्रण और मार्ग परिवर्तन की व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू करने को कहा गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जुलूस के साथ-साथ आम नागरिकों की आवाजाही भी सुचारु बनी रहनी चाहिए।

डीएम और एसएसपी ने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ ड्यूटी करने तथा जुलूस के पूरे मार्ग पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए।

भाईचारा बनाए रखने की अपील

जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने जनपदवासियों से बरावफात के दौरान शांति, आपसी भाईचारा और सौहार्द बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य जुलूस को शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के साथ आमजन की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करना है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जुलूस के दौरान कानून-व्यवस्था से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखते हुए सभी आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।

Previous articleनेपाल में फ्लैश फ्लड से बढ़ी चिंता, गंडक के जलप्रवाह पर प्रशासन की नजर गोरखपुर में फिलहाल खतरा नहीं, राप्ती-घाघरा का जलस्तर घटा; एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और पीएसी अलर्ट

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here