इनर व्हील क्लब संतकबीरनगर में मंडलाध्यक्ष का आधिकारिक दौरा, नई टीम ने संभाली कमान
शिक्षा, महिला सशक्तीकरण और सेवा कार्यों को आगे बढ़ाने का लिया संकल्प; जरूरतमंद छात्र को साइकिल और बच्चों को बांटे स्कूल बैग
संतकबीरनगर। इनर व्हील क्लब संतकबीरनगर में मंडलाध्यक्ष के आधिकारिक दौरे के अवसर पर नए सत्र का पदग्रहण समारोह गरिमापूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में सेवा, महिला सशक्तीकरण, शिक्षा, बाल विकास और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विभिन्न सेवा प्रकल्पों की जानकारी दी गई।
समारोह में निवर्तमान पदाधिकारियों से नए सत्र की टीम ने दायित्व ग्रहण किया। श्रीमती अनिता अग्रवाल ने अध्यक्ष, श्रीमती वंदना गुप्ता ने सचिव, श्रीमती सरिता जैन ने कोषाध्यक्ष, श्रीमती लीना चिरानिया ने आईएसओ तथा डॉ. सोनी सिंह ने एडिटर का पदभार संभाला। नई टीम ने इनर व्हील की भावना “Friendship, Service and International Understanding” के अनुरूप सेवा गतिविधियों को और व्यापक एवं प्रभावी बनाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर मंडलाध्यक्ष ने क्लब के नए सदस्यों अरुणा रुंगटा, अनीता जायसवाल और सुप्रिया रुंगटा का इंडक्शन कराया। क्लब सचिव ने पिछले सत्र में किए गए सेवा एवं सामाजिक कार्यों की रिपोर्ट प्रस्तुत की, जबकि क्लब बुलेटिन का विमोचन भी किया गया। चार्टर अध्यक्ष ऋतु जैन ने सरस्वती वंदना और देशभक्ति गीत प्रस्तुत कर समारोह में विशेष रंग भर दिया।
कार्यक्रम में कम्पोजिट विद्यालय बयारे की छात्राओं ने समूह नृत्य और एकल नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी। छात्राओं की प्रतिभा और आत्मविश्वास ने अतिथियों एवं क्लब की सदस्याओं को प्रभावित किया। प्रस्तुति के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों को अवसर और प्रोत्साहन मिलने पर उनकी प्रतिभा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संदेश भी दिया गया।
जरूरतमंद बच्चों की मदद को बढ़ाया हाथ
मंडलाध्यक्ष के आधिकारिक दौरे के दौरान क्लब की ओर से बनियाबाड़ी प्राथमिक विद्यालय में सेवा प्रकल्प आयोजित किया गया। विद्यालय के बच्चों को स्कूल बैग और स्टेशनरी सामग्री वितरित की गई। वहीं एक जरूरतमंद छात्र को विद्यालय आने-जाने में सुविधा के लिए साइकिल प्रदान की गई। क्लब की सदस्याओं ने कहा कि बच्चों को शिक्षा के लिए जरूरी संसाधन उपलब्ध कराने का उद्देश्य उनमें पढ़ाई के प्रति उत्साह और आत्मविश्वास बढ़ाना है।
मंडलाध्यक्ष ने क्लब के सेवा प्रकल्पों की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों की शिक्षा में किया गया निवेश समाज के भविष्य में किया गया निवेश है। उन्होंने क्लब की सदस्याओं से जरूरतमंद वर्गों तक सेवा कार्यों का लाभ पहुंचाने और इन्हें निरंतर आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
क्लब अध्यक्ष अनिता अग्रवाल ने कहा कि आगामी सत्र में क्लब शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तीकरण, बाल विकास और सामुदायिक सेवा के क्षेत्र में निरंतर कार्य करेगा।
कार्यक्रम में सुनीता अग्रहरि, ममता जैन, ममता श्रीवास्तव, चित्रा श्रीवास्तव, रवनीत कौर, सुधा रुंगटा, ज्योतिका बिस्वास और ममता चिरानिया सहित क्लब की अन्य सदस्याएं मौजूद रहीं। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों, शिक्षकों, छात्र-छात्राओं और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।















