मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से की प्रदेशभर की समीक्षा महिला सुरक्षा, बाढ़, कांवड़ यात्रा और कानून-व्यवस्था पर दिए सख्त निर्देश

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से की प्रदेशभर की समीक्षा

महिला सुरक्षा, बाढ़, कांवड़ यात्रा और कानून-व्यवस्था पर दिए सख्त निर्देश

गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को 5-कालिदास मार्ग, लखनऊ स्थित सभाकक्ष से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी मंडलों एवं जनपदों की व्यापक समीक्षा की। बैठक में महिला सुरक्षा, बाढ़ एवं जलभराव, कांवड़ यात्रा, आगामी त्योहारों की तैयारियां, खाद की उपलब्धता, अतिवृष्टि-अनावृष्टि तथा कानून-व्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट और सख्त निर्देश दिए।

गोरखपुर मंडलायुक्त सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में एडीजी जोन रामकुमार, डीआईजी रेंज एस. चन्नप्पा, मंडलायुक्त इंद्र विक्रम सिंह, जिलाधिकारी दीपक मीणा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ, नगर आयुक्त अजय जैन, मुख्य विकास अधिकारी शाश्वत त्रिपुरारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश झा, अपर आयुक्त (प्रशासन) जय प्रकाश, एडीएम सिटी गजेंद्र कुमार, एडीएम प्रशासन डॉ. वैभव शर्मा, एडीएम वित्त एवं राजस्व जय प्रकाश, सिटी मजिस्ट्रेट उत्कर्ष श्रीवास्तव सहित मंडल एवं जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए मिशन शक्ति अभियान को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्कूल-कॉलेजों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर पुलिस गश्त बढ़ाने तथा एंटी रोमियो स्क्वॉड को सक्रिय रखने पर जोर दिया। महिला अपराधों में तत्काल और कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

बाढ़ एवं जलभराव की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने नगर निगम, सिंचाई, जल निगम और आपदा प्रबंधन विभाग को पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए। उन्होंने नालों की समयबद्ध सफाई, पंपिंग स्टेशनों की निगरानी, जल निकासी की समुचित व्यवस्था तथा बाढ़ संभावित क्षेत्रों में राहत सामग्री उपलब्ध रखने को कहा। जरूरत पड़ने पर प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश भी दिए।

कांवड़ यात्रा को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं में किसी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए। कांवड़ मार्गों पर साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय, चिकित्सा सुविधा, प्रकाश व्यवस्था और यातायात प्रबंधन को पूरी तरह दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने और लगातार निगरानी रखने को कहा गया।

आगामी त्योहारों के मद्देनजर मुख्यमंत्री ने सभी जिलों में शांति समिति की बैठकें आयोजित करने, सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने तथा सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए।

कृषि एवं खाद उपलब्धता की समीक्षा करते हुए उन्होंने अधिकारियों को किसानों को समय पर खाद-बीज उपलब्ध कराने तथा जमाखोरी और कालाबाजारी करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। सिंचाई व्यवस्था को बेहतर बनाने और फसलों की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

कानून-व्यवस्था पर मुख्यमंत्री ने दोहराया कि अपराध और अपराधियों के प्रति प्रदेश सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति जारी रहेगी। वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी में तेजी लाने, गंभीर मामलों में त्वरित कार्रवाई करने तथा जनता की शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इसके अलावा बाल विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा, नगर विकास, लोक निर्माण, कृषि, सिंचाई, पंचायती राज, ऊर्जा, परिवहन, समाज कल्याण, आवास, पर्यटन, खाद्य एवं रसद, जल निगम, वन एवं पर्यावरण, पशुपालन समेत विभिन्न विभागों की योजनाओं की समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी योजनाओं का क्रियान्वयन पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित किया जाए।

बैठक के अंत में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जनसमस्याओं का त्वरित समाधान, फील्ड में अधिकारियों की सक्रियता और जनता के प्रति संवेदनशील कार्यशैली ही सुशासन की पहचान है। उन्होंने सभी अधिकारियों से शासन की मंशा के अनुरूप कार्य करते हुए आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का आह्वान किया।

Previous articleमंडलायुक्त वैभव श्रीवास्तव ने भदेश्वरनाथ मंदिर व कांवड़ मार्ग का किया निरीक्षण श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता, पुलिस-चिकित्सा व सफाई व्यवस्था सुदृढ़ रखने के निर्देश
Next articleबालिका की कविता में झलका यूपी पुलिस के प्रति सम्मान और विश्वास “उत्तर प्रदेश पुलिस है नाम हमारा” शीर्षक से व्यक्त किया आभार, एसएसपी ने किया सम्मानित

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here