मंडलायुक्त वैभव श्रीवास्तव ने भदेश्वरनाथ मंदिर व कांवड़ मार्ग का किया निरीक्षण श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता, पुलिस-चिकित्सा व सफाई व्यवस्था सुदृढ़ रखने के निर्देश

मंडलायुक्त वैभव श्रीवास्तव ने भदेश्वरनाथ मंदिर व कांवड़ मार्ग का किया निरीक्षण

श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता, पुलिस-चिकित्सा व सफाई व्यवस्था सुदृढ़ रखने के निर्देश

बस्ती। बस्ती मंडल के नवागत मंडलायुक्त वैभव श्रीवास्तव ने गुरुवार को श्रावण मास में चल रही कांवड़ यात्रा की तैयारियों का जायजा लेने के लिए बाबा भदेश्वरनाथ मंदिर परिसर एवं कांवड़ यात्रा मार्ग का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता और मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने बाबा भदेश्वरनाथ मंदिर में विधिवत दर्शन-पूजन कर प्रदेश एवं जनपदवासियों की सुख-समृद्धि और मंगलकामना की। इसके बाद उन्होंने मंदिर परिसर में बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय और पार्किंग की व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी श्रद्धालु को असुविधा नहीं होनी चाहिए और सभी व्यवस्थाएं संवेदनशीलता एवं सतर्कता के साथ संचालित की जाएं।

इसके उपरांत उन्होंने कांवड़ यात्रा मार्ग का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और संवेदनशील स्थलों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पूरे मार्ग पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए तथा मेडिकल टीम, एंबुलेंस और आपातकालीन सहायता केंद्र 24 घंटे सक्रिय रहें, ताकि किसी भी स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

मंडलायुक्त ने कहा कि श्रावण मास में बाबा भदेश्वरनाथ मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में प्रशासन की जिम्मेदारी और अधिक बढ़ जाती है। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।

उन्होंने मंदिर परिसर एवं यात्रा मार्ग पर सीसीटीवी निगरानी बढ़ाने, अतिरिक्त सफाई कर्मियों की तैनाती करने तथा पेयजल और छायादार विश्राम स्थलों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुगम दर्शन उपलब्ध कराना है।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना, मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल, अपर जिलाधिकारी ज्ञानचंद्र गुप्ता, सीआरओ कीर्ति प्रकाश भारती, अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत, क्षेत्राधिकारी सत्येंद्र भूषण तिवारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Previous articleगोरखपुर को नई रफ्तार देने के संकल्प के साथ इंद्र विक्रम सिंह ने संभाला मंडलायुक्त का कार्यभार विकास परियोजनाओं में तेजी, जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण और पारदर्शी प्रशासन पर रहेगा विशेष फोकस

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here