47.82 लाख पौधरोपण लक्ष्य पूरा करने पर जोर, डीएम ने दिए सख्त निर्देश
गोरखपुर। आगामी 12 जुलाई को आयोजित होने वाले वृहद वृक्षारोपण महाअभियान की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी दीपक मीणा ने विकास भवन सभागार में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने जनपद को आवंटित 47 लाख 82 हजार 763 पौधों के रोपण लक्ष्य को हर हाल में शत-प्रतिशत पूरा करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि यह अभियान केवल पौधे लगाने तक सीमित न रहे, बल्कि इसे जनभागीदारी के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का व्यापक जनआंदोलन बनाया जाए। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तैयारियां पूरी करने तथा पौधारोपण के बाद उनके संरक्षण, सिंचाई और देखभाल की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि पौधों की जीवित रहने की दर अधिकतम रहे।
बैठक में बताया गया कि इस वर्ष जनपद में ‘कपि वन’, ‘शक्ति वन’ और ‘एकता वन’ जैसी थीम आधारित हरित स्थलों का भी विकास किया जाएगा। जिलाधिकारी ने इन स्थलों के वैज्ञानिक चयन और गुणवत्तायुक्त पौधों के रोपण पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने विभागवार लक्ष्य की समीक्षा करते हुए कहा कि वन विभाग के साथ-साथ अन्य 26 विभागों को भी अपने निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप पौधारोपण सुनिश्चित करना होगा। गड्ढों की खुदाई, पौधों की उपलब्धता, रोपण स्थलों की तैयारी और जनसहभागिता समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए।
अभियान की पारदर्शिता और निगरानी के लिए प्रत्येक पौधे की जियो-टैगिंग कर उसकी फोटो ‘हरितिमा ऐप’ पर अपलोड करने के निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी ने स्कूलों, कॉलेजों, ग्राम पंचायतों, नगर निकायों तथा स्वयंसेवी संगठनों को अभियान से जोड़ने पर बल देते हुए कहा कि सामूहिक सहभागिता से ही गोरखपुर को अधिक हरित और पर्यावरणीय रूप से समृद्ध बनाया जा सकेगा।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी शाश्वत त्रिपुरारी, प्रभागीय वन अधिकारी शुभम सिंह, एडीएम प्रशासन डॉ. वैभव शर्मा, जिला विकास अधिकारी सतीश सिंह, परियोजना निदेशक संदीप सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।















