“संतकबीरनगर का कार्यकाल जीवनभर याद रहेगा” : हरिश्चंद्र नाथ
स्थानांतरित जिला विद्यालय निरीक्षक को भावभीनी विदाई, शिक्षकों और कर्मचारियों ने जताया आभार
संतकबीरनगर। स्थानांतरित जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) हरिश्चंद्र नाथ के सम्मान में बुधवार को एक भावभीना विदाई समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के अधिकारियों, शिक्षक नेताओं एवं कर्मचारियों ने उनके कार्यकाल की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। समारोह की अध्यक्षता नवागत जिला विद्यालय निरीक्षक उपेंद्र कुमार ने की, जबकि संचालन जिला समन्वयक धर्मेंद्र कुमार मिश्रा ने किया।
विदाई समारोह को संबोधित करते हुए हरिश्चंद्र नाथ ने कहा कि संतकबीरनगर में बिताया गया उनका कार्यकाल जीवनभर यादगार रहेगा। उन्होंने कहा कि जिले के शिक्षकों, कर्मचारियों और अधिकारियों ने माध्यमिक शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने में जो सहयोग दिया, उसे वह कभी नहीं भूल पाएंगे। उन्होंने सभी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यहां मिले स्नेह और सहयोग ने उनके प्रशासनिक दायित्वों को आसान बनाया।
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रदेश मंत्री संजय द्विवेदी ने कहा कि स्थानांतरण शासकीय सेवा का स्वाभाविक हिस्सा है, लेकिन हरिश्चंद्र नाथ ने अपने कार्यकाल में शिक्षक हितों से जुड़े मुद्दों का समयबद्ध समाधान कर एक अलग पहचान बनाई। उन्होंने कहा कि उनके नेतृत्व में शिक्षकों को अपने दायित्वों के निर्वहन में कभी किसी प्रकार की कठिनाई का सामना नहीं करना पड़ा।
राजकीय इंटर कॉलेज, खलीलाबाद की प्रधानाचार्य सबीहा मुमताज ने कहा कि हरिश्चंद्र नाथ के मार्गदर्शन में कार्य करते हुए उन्हें बहुत कुछ सीखने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि उनका स्थानांतरण शिक्षा जगत के लिए एक क्षति है, लेकिन भविष्य में भी उनका मार्गदर्शन मिलता रहेगा।
इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार सिंह, शिक्षक नेता हरिबख्श सिंह, नीलम राय, राकेश चौधरी, हरिनंदन यादव, ओंकार, राजेश वर्मा, जोखू प्रसाद, अनिल पासवान, नकुल कुमार, अजीत सिंह, दुर्गेश पांडेय, गुलाम अली सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, कर्मचारी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने हरिश्चंद्र नाथ को स्मृति चिह्न भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और उनके कार्यकाल को शिक्षा जगत के लिए प्रेरणादायी बताया।















