गोरखपुर में सीएम योगी का विपक्ष पर हमला, ‘नारी विरोधी’ करार

गोरखपुर में सीएम योगी का विपक्ष पर हमला, ‘नारी विरोधी’ करार

गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नारी शक्ति वंदन सम्मेलन में विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोलते हुए कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, टीएमसी और डीएमके को महिला विरोधी बताया। उन्होंने कहा कि ये दल महिलाओं को नेतृत्व और अधिकार देने के खिलाफ रहे हैं।

योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं का अधिकार है, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नए संसद भवन में सबसे पहले पारित कराया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष ने इस विधेयक का विरोध कर अपनी मानसिकता उजागर की।

सीएम योगी ने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में बेटियों की स्थिति चिंताजनक थी, जबकि अब वे सुरक्षित वातावरण में शिक्षा प्राप्त कर रही हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस भर्ती में महिलाओं की संख्या बढ़ाकर 20 प्रतिशत अनिवार्य की गई है और बड़ी संख्या में महिलाओं को सरकारी नौकरियों में अवसर मिला है।

उन्होंने आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी को आवश्यक बताते हुए कहा कि पंचायत और स्थानीय निकायों में महिलाओं की भागीदारी लगातार बढ़ी है। विभिन्न योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को सशक्त करने का कार्य किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति में मातृशक्ति का सदैव सम्मान रहा है और वर्तमान सरकार इसी परंपरा को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, कन्या सुमंगला सहित अन्य योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि लाखों बेटियां इनसे लाभान्वित हो रही हैं।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने महिला कल्याण योजनाओं की प्रदर्शनी का अवलोकन किया और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।

Previous articleओएसडी प्रखर वर्मा के आवास पहुंचे सीएम, मुंडन समारोह में दिया आशीर्वाद
Next articleसीएम का सख्त निर्देश: होमगार्ड परीक्षा निष्पक्ष व सुरक्षित कराएं

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here