सीएम का सख्त निर्देश: होमगार्ड परीक्षा निष्पक्ष व सुरक्षित कराएं
गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर प्रवास के दौरान वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए प्रदेशभर के अधिकारियों के साथ बैठक कर कानून व्यवस्था और 25 से 27 अप्रैल तक होने वाली होमगार्ड भर्ती परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा की।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि परीक्षा पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और शुचिता के साथ कराई जाए। उन्होंने कहा कि तीन दिनों तक दो पालियों में होने वाली परीक्षा के मद्देनजर अभ्यर्थियों की सुरक्षा, सुविधा और सुचारु आवागमन की विशेष व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
कानून व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए सीएम ने कहा कि नकल या किसी भी तरह की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने और संवेदनशील केंद्रों पर विशेष निगरानी के निर्देश दिए गए। साथ ही सीसीटीवी के जरिए सतत निगरानी सुनिश्चित करने को कहा।
मुख्यमंत्री ने ट्रैफिक प्रबंधन पर जोर देते हुए परीक्षा केंद्रों के आसपास भीड़ नियंत्रण और अभ्यर्थियों की समय पर पहुंच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। परिवहन विभाग को अतिरिक्त बसों की व्यवस्था करने और रूट प्लान दुरुस्त रखने को कहा गया।
उन्होंने पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था सहित सभी बुनियादी सुविधाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। साथ ही जिलाधिकारियों और पुलिस अधिकारियों को फील्ड में उतरकर व्यवस्थाओं की निगरानी करने को कहा।
बैठक में एडीजी जोन अशोक जैन, डीआईजी एस. चनप्पा, मंडलायुक्त अनिल ढींगरा, जिलाधिकारी दीपक मीणा, एसएसपी डॉ. कोस्तुभ समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने सभी विभागों को समन्वय के साथ समय से तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।















