मेधावियों के सम्मान से गौरवान्वित हुआ सूर्या स्कूल, साइकिल-मेडल पाकर खिले छात्र-छात्राओं के चेहरे
संतकबीरनगर। जनपद के प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थान सूर्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल में वार्षिक परीक्षा परिणाम घोषित होने के साथ ही आज का दिन उपलब्धियों और सम्मान का दिन रहा। एनुअल रिपोर्टिंग के अवसर पर आयोजित भव्य समारोह में मेधावी छात्र-छात्राओं पर पुरस्कारों की वर्षा हुई। सैकड़ों रैंक लाने वाले विद्यार्थियों को साइकिल, घड़ियाँ, मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को विशेष रूप से साइकिल भेंट की गई, जबकि उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अन्य विद्यार्थियों को दीवार घड़ी, हाथ घड़ी, मेडल और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। पुरस्कार पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय शिक्षकों, अभिभावकों और विद्यालय के अनुशासित माहौल को देते हुए प्रबंधन का आभार जताया।
समारोह को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्रबंधक डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी ने कहा, “छात्र-छात्राओं को बेहतर शिक्षा के साथ-साथ संस्कारयुक्त और अनुशासित वातावरण देना ही हमारा प्राथमिक कर्तव्य है। आज हम उन हीरों को सम्मानित कर रहे हैं जिन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। यह सम्मान सिलसिला हर वर्ष इसी तरह जारी रहेगा।”
प्रधानाचार्य रविनेश श्रीवास्तव ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई दी और कहा कि आज का यह सम्मान समारोह बच्चों की कड़ी मेहनत और शिक्षकों के सही मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने सभी छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें और ऊंचाइयों तक पहुंचने के लिए प्रोत्साहित किया।















