बदलते मौसम ने बढ़ाई परेशानी: सर्दी, बुखार, जुकाम और वायरल संक्रमण के मरीजों में तेज उछाल
संतकबीरनगर। जनपद में मौसम के तेज बदलाव ने स्वास्थ्य को चुनौती दे दी है। सर्दी, जुकाम, बुखार और वायरल संक्रमण के मरीजों की संख्या में अचानक तेज इजाफा हुआ है। कई जगहों पर उल्टी-दस्त के मामले भी सामने आ रहे हैं। ठंडी लगने के साथ बुखार आने की शिकायतें सबसे ज्यादा हैं। जिला अस्पताल में सोमवार को मरीजों की भारी भीड़ देखी गई, जहां ओपीडी में वायरल सर्दी-जुकाम और बुखार के मरीजों की लंबी कतारें लगी रहीं।
जिला अस्पताल के डॉक्टर सिद्धार्थ ने बताया कि मौसम के इस अप्रत्याशित बदलाव ने कई तरह की बीमारियों को जन्म दे दिया है। ठंडी हवाओं और बारिश के कारण वायरल संक्रमण तेजी से फैल रहा है। उन्होंने कहा कि सोमवार को अस्पताल में वायरल बुखार, सर्दी-जुकाम और फीवर के मरीजों की संख्या में काफी इजाफा हुआ है। मरीजों को दवाएं देने के साथ-साथ बचाव के उपाय भी बताए जा रहे हैं।
चिकित्सकों का कहना है कि अचानक ठंड बढ़ने से इम्यूनिटी कमजोर हो जाती है, जिससे वायरल संक्रमण आसानी से पकड़ लेता है। उल्टी-दस्त के मरीज भी बढ़े हैं, जो ज्यादातर दूषित पानी या खान-पान से जुड़े हैं। डॉक्टरों ने लोगों से अपील की है कि वे गर्म कपड़े पहनें, गुनगुना पानी पिएं, भीड़-भाड़ वाली जगहों से बचें और समय पर चिकित्सकीय सलाह लें।
चिकित्सकों का स्पष्ट संदेश है मौसम बदल रहा है, इसलिए सतर्क रहें, गर्म कपड़े पहनें, पौष्टिक भोजन लें और किसी भी लक्षण पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें। यदि समय रहते सावधानी बरती जाए तो इन बीमारियों से आसानी से बचा जा सकता है।















