ईद-उल-फितर पर कमिश्नर-डीआईजी ने किया पैदल भ्रमण: शांति और सौहार्द का संदेश
बस्ती। पावन पर्व ईद-उल-फितर के अवसर पर जनपद में कानून-व्यवस्था को पूरी तरह सुदृढ़ रखने और त्योहार को शांतिपूर्ण, सकुशल एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए कमिश्नर बस्ती मण्डल अखिलेश सिंह एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक बस्ती परिक्षेत्र संजीव त्यागी ने पुलिस बल के साथ पैदल गश्त की।
दिनांक 21 मार्च 2026 को दोनों उच्चाधिकारियों ने दक्षिण दरवाजा से करुआ बाबा तक के मुख्य स्थलों का पैदल भ्रमण किया। इस दौरान भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था, बैरिकेडिंग, पार्किंग और साफ-सफाई की व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया गया। संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की गई थी।
भ्रमण के दौरान कमिश्नर एवं डीआईजी ने मस्जिद कमेटी के पदाधिकारियों, धर्मगुरुओं एवं स्थानीय नागरिकों से संवाद स्थापित किया। उन्होंने आपसी भाईचारा, शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूर्ण पालन करने का आग्रह किया। आमजन से सहयोग की अपील करते हुए कहा गया कि त्योहार हर्षोल्लास एवं सद्भाव के साथ मनाया जाए।
प्रशासन की मुस्तैदी और जनसहयोग से ईद-उल-फितर जनपद में पूर्ण शांति और भाईचारे के साथ मनाया गया। कमिश्नर एवं डीआईजी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए कि किसी भी स्तर पर कोई चूक न हो और सुरक्षा के सभी पहलू मजबूत रहें।















