नगर निगम वाहन विभाग में सख्ती: नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल के कड़े निर्देश

नगर निगम वाहन विभाग में सख्ती: नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल के कड़े निर्देश

 

गोरखपुर। नगर निगम के वाहन विभाग में लापरवाही पर नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल ने सख्त रुख अपनाया है। वाहन विभाग की समीक्षा बैठक में उन्होंने बीमा नवीनीकरण, वाहनों की मॉनिटरिंग और ड्राइवरों की कार्यशैली को लेकर नाराजगी जताई और साफ कहा कि अब किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

नगर आयुक्त ने पाया कि कई बड़े वाहनों (पोकलेन, जेसीबी, डंपर, डीसीएम आदि) का बीमा समय पर नवीनीकृत नहीं कराया गया है। उन्होंने कड़े निर्देश दिए कि अगले 7 दिनों के अंदर सभी वाहनों का बीमा अनिवार्य रूप से पूरा कर लिया जाए। साथ ही सभी विभागों को अपने वाहनों की पूरी इन्वेंटरी तैयार कर शत-प्रतिशत बीमा सुनिश्चित करने को कहा गया।

बैठक में नगर आयुक्त ने कहा कि नगर निगम के कुल 609 वाहनों का डाटा पूरी तरह अपडेट रखा जाए। हर वाहन को यूनिक आईडी नंबर दिया जाएगा और एक विशेष एप्लीकेशन विकसित की जाएगी, जिसमें एक क्लिक पर हर वाहन का पूरा विवरण उपलब्ध हो सके। यह व्यवस्था पारदर्शिता और बेहतर मॉनिटरिंग के लिए बेहद जरूरी है।

लापरवाह ड्राइवरों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश देते हुए नगर आयुक्त ने कहा कि दिसंबर-जनवरी की रिपोर्ट के आधार पर 12 ड्राइवरों को पहले ही नोटिस जारी किया जा चुका है। संतोषजनक जवाब न मिलने पर उन्हें सेवा से हटा दिया जाएगा। जो वाहन ठीक से काम नहीं कर रहे हैं, उनकी भी समीक्षा कर जरूरी कदम उठाए जाएंगे।

उन्होंने निर्देश दिया कि निर्माण, जलकल और स्वास्थ्य विभाग अपने वाहनों का रिकॉर्ड नियमित अपडेट रखें। वर्तमान में 518 वाहनों में जीपीएस सिस्टम लग चुका है, शेष वाहनों में भी शीघ्र जीपीएस लगाने के आदेश दिए गए। डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण के नए वाहन केवल पीले रंग में ही लाए जाएंगे, ताकि उनकी पहचान आसानी से हो सके।

महेवा वर्कशॉप के निर्माण कार्य को जल्द पूरा करने और वहाँ वाहनों की धुलाई की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। चालकों को गर्मी के मौसम के अनुरूप ड्रेस उपलब्ध कराई जाएगी और सभी चालक निर्धारित ड्रेस में ही ड्यूटी करेंगे। ड्रेस न पहनने पर वेतन में कटौती की जाएगी।

नगर आयुक्त ने वीटीएमएस (वाहन ट्रैकिंग मैनेजमेंट सिस्टम) की कार्यप्रणाली में सुधार लाने और बड़े वाहनों खासकर डंपरों के संचालन में पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने साफ चेतावनी दी कि जो कर्मचारी और ड्राइवर लापरवाही बरत रहे हैं, उन्हें हटाकर जिम्मेदार लोगों को जगह दी जाएगी।

Previous articleमंडलायुक्त अनिल ढींगरा की अध्यक्षता में विकास कार्यों की समीक्षा बैठक
Next articleपंचायत राज कार्यों की समीक्षा: उपनिदेशक हिमांशु शेखर ठाकुर की अध्यक्षता में विडियो कॉन्फ्रेंसिंग

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here