डीएम दीपक मीणा बोले उद्योगों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण सर्वोच्च प्राथमिकता; उद्योग बंधु बैठक में निवेश अनुकूल माहौल बनाने पर जोर
गोरखपुर। जिले के औद्योगिक विकास को गति देने और उद्यमियों की राह आसान बनाने के लिए शुक्रवार को विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी दीपक मीणा की अध्यक्षता में उद्योग बंधु बैठक का आयोजन हुआ। बैठक में विभिन्न औद्योगिक इकाइयों की समस्याओं, सुझावों और बुनियादी सुविधाओं पर खुलकर चर्चा हुई। डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि उद्योग बंधुओं की हर शिकायत का
त्वरित, पारदर्शी और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि औद्योगिक रफ्तार में कोई रुकावट न आए।
जिलाधिकारी दीपक मीणा ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा, “गोरखपुर में निवेश के अनुकूल वातावरण बनाना और उद्यमियों को हरसंभव सहयोग देना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इससे न केवल रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।” उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय बनाकर कार्य करने के सख्त निर्देश दिए, ताकि उद्यमियों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
बैठक में बिजली, सड़क, सीवरेज, जलापूर्ति, सुरक्षा और परिवहन जैसी मूलभूत सुविधाओं पर विस्तृत विमर्श हुआ। डीएम ने अधिकारियों को लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा करने और उद्यमियों को समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराने का आदेश दिया।
मौजूद रहे प्रमुख अधिकारी और उद्योगपति:
गीडा सीईओ अनुज मलिक,जीडीए उपाध्यक्ष आनंद वर्धन,मुख्य विकास अधिकारी शाश्वत त्रिपुरारी, एसपी ट्रैफिक राजकुमार पांडेय सभी संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं उद्योग बंधु बैठक के अंत में डीएम ने उद्योग बंधुओं से सीधा संवाद स्थापित किया। उनकी समस्याओं को ध्यान से सुना और कई मुद्दों पर मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्यवाही के निर्देश दिए। उन्होंने जोर देकर कहा, “प्रशासन और उद्योग जगत के बीच मजबूत तालमेल ही गोरखपुर को औद्योगिक विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा।”यह बैठक जिले में निवेश प्रोत्साहन और औद्योगिक समस्याओं के त्वरित समाधान की दिशा में एक ठोस कदम साबित हुई।















