“नगर आयुक्त के कड़े निर्देश: गोरखपुर में निर्माण कार्य समय पर पूर्ण करें, लापरवाही बर्दाश्त नहीं”

नगर आयुक्त के कड़े निर्देश: गोरखपुर में निर्माण कार्य समय पर पूर्ण करें, लापरवाही बर्दाश्त नहीं”

गोरखपुर। नगर आयुक्त गौरव सिंह ने बुधवार को नगर निगम में चल रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक की। अपर नगर आयुक्त, मुख्य अभियंता, अधिशासी अभियंता, अवर अभियंता और सीएनडीएस के अभियंताओं की मौजूदगी में उन्होंने सभी परियोजनाओं की प्रगति का जायजा लिया और समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए।

नगर आयुक्त ने बंधू सिंह मल्टीलेवल पार्किंग को 30 दिसंबर तक पूरा करने का आदेश दिया, ताकि 31 दिसंबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इसका लोकार्पण कर सकें। उन्होंने इसकी गुणवत्ता और गति पर जोर दिया, क्योंकि यह परियोजना यातायात प्रबंधन के लिए महत्वपूर्ण है।

टाउन हॉल और ट्रांसपोर्ट नगर जोनल कार्यालय के धीमे कार्य पर नाराजगी जताते हुए सीएनडीएस यूनिट 14 व 42 को श्रमशक्ति बढ़ाकर दिसंबर तक कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया। ट्रांसपोर्ट नगर के को-वर्किंग व कमर्शियल कॉम्प्लेक्स की प्रगति में तेजी लाने के लिए मुख्य व अधिशासी अभियंताओं को नियमित निरीक्षण का आदेश दिया गया।

लाल दिग्गी पार्क के सुंदरीकरण कार्य की धीमी गति पर भी फटकार लगी। नगर आयुक्त ने श्रमशक्ति बढ़ाने और पुराने झूलों व ओपन जिम उपकरणों को अन्य पार्कों में स्थापित करने का निर्देश दिया। पुराने सदन भवन में बन रहे म्यूजियम के लिए अपर नगर आयुक्त (तृतीय) को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया, जिसे दिसंबर तक पूरा करने का लक्ष्य है।

गौरव सिंह ने कहा कि गोरखपुर तेजी से विकास कर रहा है। सभी अधिकारी गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित करें। साप्ताहिक प्रगति रिपोर्ट अनिवार्य रूप से जमा करने का निर्देश भी दिया गया।

Previous articleकार्तिक स्नान मेला: घाट का निरीक्षण
Next article“नगर आयुक्त सख्त: गोरखपुर को कूड़ा मुक्त बनाने के लिए गार्बेज हॉटस्पॉट खत्म करने के आदेश”

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here