गोरखपुर महोत्सव 2026: सांस्कृतिक भव्यता की तैयारी, मंडलायुक्त ने बांटी जिम्मेदारियां
गोरखपुर। गोरखपुर महोत्सव-2026 को ऐतिहासिक बनाने की तैयारियां जोरों पर शुरू हो गईं। बुधवार को मंडलायुक्त सभागार में मंडलायुक्त अनिल ढींगरा की अध्यक्षता में हुई बैठक में आयोजन को भव्य और व्यवस्थित बनाने के लिए रणनीति तय की गई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी तैयारियां समयबद्ध और सुनियोजित हों, ताकि यह महोत्सव गोरखपुर की सांस्कृतिक पहचान को नई ऊंचाइयों तक ले जाए।
महोत्सव 10, 11 और 12 जनवरी 2026 को चम्पा देवी पार्क में आयोजित होगा। इस बार बॉलीवुड और हॉलीवुड सितारों के साथ स्थानीय कलाकार नृत्य, संगीत और लोककलाओं की प्रस्तुति से दर्शकों का मन मोहेंगे। उद्घाटन राज्य की संस्कृति मंत्री करेंगी, जबकि समापन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कर-कमलों से होगा।
मंडलायुक्त ने जीडीए उपाध्यक्ष को नोडल अधिकारी नियुक्त करते हुए सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता, मंच सज्जा, विद्युत, जल व्यवस्था, पार्किंग और अतिथि सत्कार की जिम्मेदारियां संबंधित विभागों को सौंपी। उन्होंने कहा, “गोरखपुर महोत्सव क्षेत्र की सांस्कृतिक धरोहर का प्रतीक है। इसे पिछले वर्षों से अधिक आकर्षक और यादगार बनाना हमारा लक्ष्य है।”
बैठक में जिलाधिकारी दीपक मीणा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राज करन नय्यर, नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल, मुख्य विकास अधिकारी शाश्वत त्रिपुरारी, जीडीए सचिव पुष्प राज सिंह, एसपी ट्रैफिक राजकुमार पांडेय और पर्यटन अधिकारी मौजूद रहे। विद्यालयों, महाविद्यालयों और सामाजिक संस्थाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया, ताकि यह आयोजन जनसहभागिता का उत्सव बने। गोरखपुरवासियों के लिए यह महोत्सव गर्व और उत्साह का अवसर होगा।















