एसएसपी की सख्ती: लंबित विवेचनाएँ समयबद्ध निपटाएँ, त्योहारों पर सतर्कता बरतें
गोरखपुर। एसएसपी राज करन नय्यर ने सोमवार को पुलिस लाइन के वाइट हाउस सभागार में सभी राजपत्रित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने लंबित मुकदमों की विवेचनाओं को निष्पक्ष और समयबद्ध तरीके से पूरा करने के सख्त निर्देश दिए। सर्किल ऑफिसरों को अपने क्षेत्र के थानों की फाइलें कोर्ट में जल्द प्रेषित करने को कहा, ताकि वादियों को शीघ्र न्याय मिले।एसएसपी ने चेतावनी दी कि बिना कारण फाइलें रोकने वाले अधिकारियों की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
उन्होंने निष्पक्षता और पारदर्शिता पर जोर देते हुए कहा कि यह जनता का पुलिस पर भरोसा मजबूत करेगा। आगामी त्योहारों—दीपावली, भैया दूज, छठ—के लिए सतर्कता के निर्देश दिए गए। थाना प्रभारियों को नियमित रात्रि भ्रमण और तत्काल सूचना देने को कहा गया।नय्यर ने छोटी से छोटी घटना पर तुरंत मौके पर पहुँचकर स्थिति संभालने और उच्चाधिकारियों को सूचित करने का आदेश दिया।
उन्होंने कानून-व्यवस्था में शिथिलता को अस्वीकार्य बताया। दशहरा शांतिपूर्ण संपन्न होने पर पुलिस टीम को बधाई दी।बैठक में एसपी नगर अभिनव त्यागी, एसपी उत्तरी जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव, एसपी दक्षिणी जितेंद्र कुमार, सीओ कैंट योगेंद्र सिंह, सीओ कोतवाली ओमकार दत्त तिवारी, सीओ गोरखनाथ रवि सिंह सहित सभी सर्किल अधिकारी मौजूद रहे। एसएसपी ने त्योहारों के दौरान शांति और सौहार्द के लिए सजग रहने का आह्वान किया।















