दादी की हत्या का सनसनीखेज खुलासा: तानों से तंग नातिन ने गड़ासी से काटा, मां-बेटी गिरफ्तार
गोरखपुर। पीपीगंज थाना क्षेत्र में बुजुर्ग महिला की हत्या का पुलिस ने सोमवार को सनसनीखेज खुलासा किया। पुलिस ने मृतका की बहू उत्तरा देवी और नातिन खुशी कुमारी को गिरफ्तार किया। जांच में पता चला कि खुशी ने दादी की गड़ासी से हत्या की और मां के साथ मिलकर शव को बोरे में भरकर साइकिल से गांव के बाहर फेंका।पुलिस अधीक्षक उत्तरी जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने प्रेस वार्ता में बताया कि 26 सितंबर 2025 को भुईधरपुर गांव में शव मिलने पर मुकदमा (मु.अ.सं. 337/2025, धारा 103(1)/238 भादवि) दर्ज हुआ था।
जांच में परिवार पर शक होने पर पूछताछ में उत्तरा और खुशी ने अपराध कबूल किया।खुशी ने बताया कि दादी उन्हें “बंगालिन” कहकर ताने मारती थीं और नौकरानी जैसा व्यवहार करती थीं। इससे तंग आकर उसने मढ़ई में सो रही दादी के सिर पर गड़ासी से वार किया। मां के लौटने पर दोनों ने शव को रात में ठिकाने लगाया। पुलिस ने गोबर में छिपाई गड़ासी और साइकिल बरामद की।
एसपी ने प्रभारी निरीक्षक पीपीगंज, एंटी थेफ्ट सेल, एसओजी/स्वाट और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम की सराहना की। दोनों अभियुक्ताओं को जेल भेज दिया गया, और आगे की कार्रवाई जारी है। यह खुलासा पुलिस की तत्परता और पेशेवर जांच का नमूना है।















