त्योहारों और पीसीएस (जे) परीक्षा को लेकर सख्त निर्देश: डीएम-एसएसपी ने कहा ट्रैफिक व्यवस्था रखें चाक-चौबंद
गोरखपुर। दीपावली, धनतेरस और 12 अक्टूबर को होने वाली पीसीएस (जे) परीक्षा को देखते हुए शनिवार को जिलाधिकारी दीपक मीणा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राज करन नय्यर ने वर्चुअल बैठक में प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों को शांति, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने कहा कि त्योहारों के दौरान बाजारों में भारी भीड़ होगी। ट्रैफिक व्यवस्था ऐसी हो कि जनता को असुविधा न हो। प्रमुख बाजारों, मंदिरों और मेला स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करें। वैकल्पिक पार्किंग स्थल चिन्हित कर व्यवस्था दुरुस्त की जाए। उन्होंने 12 अक्टूबर को 41 परीक्षा केंद्रों पर होने वाली पीसीएस (जे) परीक्षा के लिए ट्रैफिक डायवर्जन और रूट प्लानिंग पर जोर दिया, ताकि परीक्षार्थियों को केंद्रों तक पहुँचने में आसानी हो।
डीएम ने अधिकारियों से स्वयं मॉनिटरिंग करने को कहा।एसएसपी नय्यर ने त्योहारों और परीक्षा के दौरान पुलिस को मुस्तैद रहने का निर्देश दिया। संवेदनशील स्थानों पर गश्त और सीसीटीवी निगरानी बढ़ाने को कहा।
ट्रैफिक पुलिस को कंट्रोल रूम से लगातार संपर्क में रहकर समस्याओं का त्वरित समाधान करने के आदेश दिए।बैठक में सभी राजपत्रित, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। डीएम और एसएसपी ने समन्वय के साथ कार्य कर त्योहारी खुशियों और परीक्षार्थियों की सुविधा सुनिश्चित करने पर बल दिया।















