महिलाओं की सुरक्षा-सम्मान को मजबूत बनाएं: डीआईजी चनप्पा
दशहरा पर्व पर महिला सुरक्षा की सशक्त कार्ययोजना
गोरखपुर। महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान व सशक्तिकरण को मजबूत बनाने तथा दशहरा पर्व पर भीड़भाड़ में चाक-चौबंद व्यवस्था के लिए गुरुवार को पुलिस लाइन व्हाइट हाउस सभागार में डीआईजी रेंज एस. चनप्पा ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। मिशन शक्ति अभियान और त्योहारों पर महिला सुरक्षा पर विस्तृत चर्चा हुई।
डीआईजी ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान को तेज करें। इसके तहत महिला हेल्पलाइन 1090, 181, 112, एंटी-रोमियो स्क्वॉड व महिला बीट पुलिस को सक्रिय रखें। गांवों-वार्डों में पंपलेट वितरण व जनजागरूकता कार्यक्रमों से महिलाओं-बच्चियों को सुरक्षा योजनाओं व आत्मरक्षा की जानकारी दें। स्कूलों-कॉलेजों में छात्राओं को हेल्पलाइन नंबरों व आत्मरक्षा प्रशिक्षण से जोड़ें।
दशहरा को देखते हुए डीआईजी ने सुरक्षा व्यवस्था पर सतर्कता बरतने को कहा। रामलीला मैदान, मेला स्थल व भीड़भाड़ वाले इलाकों में सीसीटीवी लगाएं व पुलिस बल तैनात करें। महिला सुरक्षा के लिए सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी तैनाती करें, ताकि छेड़छाड़ या अपराध रोका जा सके। आरटीओ को वाहनों से काली फिल्म हटाने का अभियान चलाने के निर्देश दिए।
डीआईजी ने स्पष्ट किया कि मिशन शक्ति व दशहरा सुरक्षा प्रशासन की शीर्ष प्राथमिकताएं हैं। महिला सुरक्षा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं। पुलिस जनता को सुरक्षित व शांतिपूर्ण त्योहार मनाने में सहायक बने।
बैठक में एसएसपी राज करन नैय्यर, एसपी सिटी अभिनव त्यागी, एसपी नॉर्थ जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव, एसपी साउथ जितेंद्र कुमार, एसपी अपराध सुधीर जायसवाल, एसपी ट्रैफिक राजकुमार पांडेय, सीओ गीडा अरुण कुमार, सीओ कैंट योगेंद्र सिंह, सीओ कोतवाली ओमकार तिवारी, सीओ कैंपियरगंज विवेक कुमार तिवारी, सीओ गोरखनाथ रवि कुमार सिंह, सीओ बांसगांव अनुज सिंह, सीओ खजनी शिल्पा, सीओ चौरी चौरा अनुराग सिंह, सीओ ऑफिस दीपांशी सिंह राठौर, सीओ गोला दरवेश कुमार, सीओ रविंद्र सिंह सहित मिशन शक्ति के उपनिरीक्षक मौजूद रहे। यह कार्ययोजना महिलाओं को सशक्त बनाने का मजबूत कदम है।















