गोरखपुर में जमीन बेचने के झांसे में कारोबारी से 35.50 लाख की ठगी, केस दर्ज।
गोरखपुर: शाहपुर इलाके के जंगल हकीम नंबर दो, मोहनापुर चुन्नीपुर टोला निवासी कारोबारी राम सुभाग गुप्ता के साथ 35.50 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। जालसाजों ने गुलरिहा थाने के पीछे जमीन बेचने का झांसा देकर यह रकम हड़प ली। तय समय पर रजिस्ट्री न होने पर रुपये मांगने पर आरोपियों ने गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
राम सुभाग गुप्ता ने बताया कि पिछले साल जमीन खरीदने के सिलान,महराजगंज जिले के धनहा नाइक निवासी प्रॉपर्टी डीलर अंकुर गुप्ता से उनकी मुलाकात हुई। अंकुर ने गुलरिहा थाने के पीछे वायु नंदन द्विवेदी की 1 एकड़ 35 डिसमिल जमीन दिखाई, जिसका सौदा 36 लाख रुपये में तय हुआ। गुप्ता ने 4 अक्टूबर 2024 को वायु नंदन के खाते में 5 लाख, अंकुर गुप्ता के खाते में 23 लाख और 3 दिसंबर 2024 को वायु नंदन के रिश्तेदार के खाते में 3 लाख रुपये बतौर एडवांस भेजे।
आरोप है कि रुपये लेने के बाद जालसाजों ने न तो रजिस्ट्री की और न ही रुपये लौटाए। विरोध करने पर धमकियां दी गईं। थाने में सुनवाई न होने पर गुप्ता ने एसएसपी से गुहार लगाई। पादरी बाजार थाना प्रभारी ने बताया कि केस दर्ज कर जांच की जा रही है।















