आबकारी विभाग की ताबड़तोड़ कार्रवाई: 200 किग्रा महुआ लहन नष्ट, एक गिरफ्तार।

आबकारी विभाग की ताबड़तोड़ कार्रवाई: 200 किग्रा महुआ लहन नष्ट, एक गिरफ्तार

 

रायबरेली। अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और तस्करी के खिलाफ जिला प्रशासन और पुलिस की सख्ती ने शराब माफियाओं के होश उड़ा दिए हैं। जिलाधिकारी हर्षिता माथुर और पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह के कुशल नेतृत्व में चलाए जा रहे विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत आबकारी विभाग ने गुरुवार को लालगंज तहसील में जोरदार कार्रवाई की। इस अभियान में अवैध शराब के अड्डों को ध्वस्त करते हुए बड़ा झटका दिया गया।

 

आबकारी निरीक्षक अखिलेश कुमार और रोबिन आर्य की संयुक्त टीम ने थाना खीरो क्षेत्र के मुस्तकीन गंज, बेहटा सातन पुर और उन्नतखेड़ा में संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी की। इस दौरान 55 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की गई और लगभग 200 किलोग्राम महुआ लहन मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। कार्रवाई में चार अभियोग आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत पंजीकृत किए गए, साथ ही एक महिला अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया।

 

जिला आबकारी अधिकारी दिनेश कुमार ने बताया कि अवैध शराब के कारोबार पर पूर्ण रूप से अंकुश लगाने के लिए विभाग प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा, “हमारी टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं। मुखबिर तंत्र को और मजबूत किया गया है ताकि शराब माफियाओं के ठिकानों का पता लगाकर त्वरित कार्रवाई की जा सके। ऐसी कार्यवाहियां भविष्य में भी जारी रहेंगी ताकि जिले को अवैध शराब के काले कारोबार से मुक्त किया जा सके।”

 

यह कार्रवाई न केवल अवैध शराब के कारोबारियों के लिए एक चेतावनी है, बल्कि समाज में सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित करने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम है। ग्रामीणों ने भी इस अभियान की सराहना की है और आबकारी विभाग की सतर्कता को सामाजिक सुरक्षा के लिए जरूरी बताया। आबकारी विभाग की इस सख्ती से शराब माफियाओं में हड़कंप मच गया है।

Previous articleत्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 2026 के लिए मतदाता सूची पुनरीक्षण हेतु महत्वपूर्ण बैठक
Next articleपीएनबी का आउटरीच प्रोग्राम: रिटेल ग्राहकों के सपनों को मिली नई उड़ान

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here