“खूब पढ़ो बिटिया, फीस हमारी जिम्मेदारी: CM योगी”
गोरखपुर: मंगलवार को गोरखनाथ मंदिर के महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन में जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोगों की समस्याएं सुनीं और त्वरित निदान के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए। इस दौरान कोतवाली क्षेत्र के पुरदिलपुर की सातवीं कक्षा की छात्रा पंखुड़ी त्रिपाठी की कहानी ने सभी का ध्यान खींचा। आर्थिक तंगी के कारण पंखुड़ी की पढ़ाई छूटने की नौबत आ गई थी, लेकिन मुख्यमंत्री के आश्वासन ने उसकी उम्मीदों को नया जीवन दिया।
पंखुड़ी ने मुख्यमंत्री को बताया कि वह एक इंग्लिश मीडियम स्कूल में पढ़ती है, लेकिन पिता राजीव त्रिपाठी के दिव्यांग होने और मां मीनाक्षी की मामूली नौकरी के कारण परिवार फीस नहीं जमा कर पा रहा। उसका भाई कक्षा 12 में पढ़ता है, जिससे आर्थिक बोझ और बढ़ गया है। स्कूल जाने के बजाय पंखुड़ी मदद की आस में जनता दर्शन में पहुंची थी। उसने भावुक होकर कहा, “महाराज जी, मैं पढ़ना चाहती हूं, फीस माफ करवा दीजिए या इसका इंतजाम करा दीजिए।”
मुख्यमंत्री ने पंखुड़ी की बात ध्यान से सुनी और आत्मीयता से आश्वासन दिया, “बिल्कुल परेशान मत हो, बिटिया। तुम्हारी पढ़ाई नहीं रुकेगी। फीस माफ कराने की कोशिश करेंगे, और अगर ऐसा न हुआ तो फीस का इंतजाम हम कराएंगे।” उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिए कि पंखुड़ी की पढ़ाई में कोई बाधा न आए। इसके साथ ही, पंखुड़ी की फोटो खिंचवाने की इच्छा को भी सीएम ने खुशी-खुशी पूरा किया। पंखुड़ी ने भावविभोर होकर कहा, “महाराज जी जैसा कोई नहीं।”
जनता दर्शन में मुख्यमंत्री ने करीब 100 लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को त्वरित समाधान के लिए निर्देशित किया। उन्होंने कहा, “जनता की हर पीड़ा का निवारण सरकार की प्राथमिकता है।” जरूरतमंदों को आवास, कल्याणकारी योजनाओं का लाभ, और इलाज के लिए आर्थिक सहायता सुनिश्चित करने के लिए अस्पतालों से इस्टीमेट मंगाकर शासन को भेजने के निर्देश दिए। इस आयोजन ने एक बार फिर मुख्यमंत्री की जनसरोकारों के प्रति संवेदनशीलता को उजागर किया।















