जिला जज, डीएम और एसपी ने जिला कारागार का निरीक्षण किया, व्यवस्थाओं पर दिए निर्देश.
रायबरेली: शुक्रवार को जिला जज राजकुमार सिंह, जिलाधिकारी हर्षिता माथुर और पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने जिला कारागार रायबरेली का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और कैदियों की समस्याएं सुनीं।
निरीक्षण के दौरान सभी बैरकों का अवलोकन किया गया, जिसमें भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई, पेयजल, और प्रकाश व्यवस्था की जांच की गई। डीएम ने डिप्टी जेलर को निर्देश दिए कि कारागार की सभी व्यवस्थाएं जेल मैनुअल के अनुरूप सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने विशेष रूप से बंदियों की चिकित्सा सुविधाओं पर ध्यान देने और स्वास्थ्य सेवाओं को दुरुस्त रखने का आदेश दिया।
जिला जज ने कारागार में नियमों का कड़ाई से पालन करने और कैदियों के कल्याण के लिए आवश्यक कदम उठाने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान सीजेएम पवन कुमार सिंह, जेल अधीक्षक प्रभात सिंह, डिप्टी जेलर हिमांशु रौतेला, और अन्य संबंधित कर्मचारी मौजूद रहे।















