पुलिस मुठभेड़: बैंक प्रबंधक अपहरण का मुख्य आरोपी गौतम सिंह घायल, 15 घंटे में गिरफ्तार।

 पुलिस मुठभेड़: बैंक प्रबंधक अपहरण का मुख्य आरोपी गौतम सिंह घायल, 15 घंटे में गिरफ्तार।

 

बस्ती: परशुरामपुर थाना क्षेत्र के हैदराबादपुर के पास रविवार रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में बैंक प्रबंधक के अपहरण का मुख्य आरोपी गौतम सिंह घायल हो गया। पुलिस की घेराबंदी के दौरान बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस की कार्रवाई में गौतम सिंह के पैर में गोली लगी। उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। बस्ती पुलिस ने घटना के मात्र 15, घंटे के भीतर मुख्य आरोपी सहित बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया, जिससे क्षेत्र में पुलिस की तत्परता और अपराध के खिलाफ सख्ती का संदेश गया।

घटना का विवरण: परशुरामपुर थाना क्षेत्र के श्रीनगर में शनिवार को ग्रामीण बैंक के प्रबंधक और उनके फील्ड ऑफिसर के साथ मारपीट और ट्रांजेक्शन की घटना सामने आई थी। अपराधियों ने बैंक प्रबंधक का अपहरण कर उनके कार्ड से जबरन ट्रांजेक्शन कराए गए थे। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की। मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने हैदराबादपुर के पास घेराबंदी की, जहां बदमाशों ने पुलिस पर गोलीबारी शुरू कर दी। 

पुलिस अधीक्षक (एसपी) बस्ती के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें मुख्य आरोपी गौतम सिंह घायल हो गया। पुलिस ने उसके कब्जे से अवैध असलहा और एक वाहन बरामद किया। अन्य संलिप्त अभियुक्तों की तलाश में छापेमारी जारी है। एसपी ने बताया कि यह मुठभेड़ बैंक प्रबंधक अपहरण और लूट की घटना के अनावरण में महत्वपूर्ण कदम है। 

पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से स्थानीय लोगों में राहत का माहौल है। बैंक कर्मियों पर हमले और अपहरण जैसी घटनाओं ने क्षेत्र में दहशत पैदा कर दी थी, लेकिन पुलिस की सक्रियता ने अपराधियों में खौफ पैदा कर दिया है। प्रारंभिक जांच में पता चला कि गौतम सिंह और उसके साथी इस तरह की वारदातों को पहले भी अंजाम दे चुके हैं। पुलिस अब उनके आपराधिक इतिहास की गहन जांच कर रही है। 

इस मुठभेड़ में पुलिस की ओर से कोई हताहत नहीं हुआ। बस्ती पुलिस ने इस कार्रवाई को अपराध नियंत्रण की दिशा में एक बड़ी सफलता बताया। स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस तत्परता की सराहना की और उम्मीद जताई कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए कड़े कदम उठाए जाएंगे। 

Previous articleभारत-नेपाल सीमा पर डीआईजी की स्पेशल टीम की कड़ी नजर: तस्करी के सिंडिकेट की कुंडली तैयार, ऑपरेशन सिंदूर के बाद बढ़ी सतर्कता।
Next articleगगहा में पुलिस मुठभेड़: यौन शोषण और ठगी का फरार टप्पेबाज राजू यादव घायल, गिरफ्तार।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here