रासेयो शिविर का भव्य समापन, प्रतिभाओं का हुआ सम्मान
गोरखपुर।
वीर बहादुर सिंह पीजी कॉलेज, हरनहीं महुराव में राष्ट्रीय सेवा योजना (रासेयो) का साप्ताहिक शिविर भव्य समापन के साथ संपन्न हुआ। मुख्य अतिथि डॉ. बी.एस. सिंह ने सरस्वती पूजा और दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम शुरू किया। उन्होंने स्वयंसेवी छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि रासेयो शिविर अनुशासन सिखाते हैं और युवाओं को जातिवाद, घृणा जैसी कुरीतियों से दूर रहकर समाज सेवा का पाठ पढ़ाते हैं। प्राचार्य डॉ. के.पी. चौरसिया ने इसे छात्र-छात्राओं की प्रतिभा निखारने का मंच बताया।
समापन पर छात्रों ने काव्यपाठ, नृत्य और गायन जैसे शानदार सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए। अंचल विश्वकर्मा, शिवनंदनी, नेहा, पलक, अमन कुमार, रोहित और खुशी की प्रस्तुतियाँ खूब सराही गईं। प्रतियोगिताओं में विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। गायन में अंचल, पलक और खुशी ने क्रमशः पहला, दूसरा और तीसरा स्थान हासिल किया। दौड़ में अवनीश कुमार, विकास और अंजलि अव्वल रहे, जबकि निबंध लेखन में पलक, श्वेता और खुशी को शीर्ष तीन स्थान मिले। विजेताओं को मेडल और शील्ड से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. पुष्पा पांडेय ने किया। इस मौके पर डॉ. नीलांबुज सिंह, डॉ. इंद्रजीत सिंह, श्री नारायण त्रिपाठी, सत्येंद्र बहादुर सिंह, संजय सिंह, रोली सिंह, डॉ. अरुण कुमार नायक, पुष्पा मिश्रा, नसीमा बानो, सौम्या मौर्य सहित तीनों इकाइयों के स्वयंसेवक मौजूद रहे।















