चार दिन बाद घटना का अल्पीकरण कर छिनैती में दर्ज किया केस, घटना स्थल के निरीक्षण के दौरान डीआईजी और एसपी हुए नाराज ।

चार दिन बाद घटना का अल्पीकरण कर छिनैती में दर्ज किया केस, घटना स्थल के निरीक्षण के दौरान डीआईजी और एसपी हुए नाराज

 

 – पीड़ितों ने बयां की घटना की हकीकत तो एसओ पर हुई कार्रवाई

 – एसपी ने मामले के पर्दाफाश के लिए लगाई पांच टीमें   

————————————————–

   संतकबीरनगर।

  बेलहर एसओ नंदू गौतम को लूट की घटना छुपाने और फिर अल्पीकरण करते हुए चार दिन बाद छिनैती का केस दर्ज करना मंहगा पड़ गया। गुरुवार को घटनास्थल का निरीक्षण करने पहुंचे डीआईजी दिनेश कुमार पी और एसपी सत्यजीत गुप्ता ने पीड़ितों से पूछताछ की तो हकीकत सामने आई। डीआईजी ने कडी नाराजगी जाहिर की। देर शाम एसपी ने एसओ को सस्पेंड कर दिया और प्रकरण की जांच सीओ सदर को सौंपी। घटना के पर्दाफाश के लिए पुलिस की पांच टीमें लगी है।  

सिद्धार्थनगर जिले के तेतरी बाजार के शास्त्री नगर निवासी नूर आलम पुत्र शाह आलम की सिद्धार्थनगर में मोबाइल की दुकान है। एक फरवरी को उनकी दुकान पर काम करने वाले प्रदीप कन्नौजिया पुत्र विश्राम कन्नौजिया निवासी चूड़ीहारी थाना उस्का बाजार व सलीम मोहम्मद पुत्र मोईद निवासी भदवल मोबाइल का सामान देने व पैसा कलेक्शन करने के लिए खलीलाबाद गए थे। दोनों लोग बाइक से लौट रहे। रास्ते में निघुरी के आगे रात्रि लगभग 9.25 बजे बाइक सवार चार बदमाशों ने रास्ता पूछने के बहाने गाड़ी रुकवाया औरकलेक्शन के रुपये व दो मोबाइल रखा बैग लूट ले गए। पांच फरवरी को पुलिस ने चार अज्ञात बदमाशों के खिलाफ छिनैती का केस दर्ज किया। गुरुवार को एसपी सत्यजीत गुप्ता घटना स्थल का निरीक्षण कर पीड़ितों से पूछताछ कर ही रहे थे। उसी दौरान डीआईजी दिनेश कुमार पी भी पहुंच गए। डीआईजी और एसपी ने पीड़ित प्रदीप कन्नौजिया, सलीम मोहम्मद और दुकान के मालिक वादी मुकदमा नूर आलम को बुला कर गहराई से पूछताछ की। पीड़ितों ने बताया कि बदमाशों ने उन्हें रॉड से मारा भी थी और जिस बैंग को लूट ले गए,उसमें कलेक्शन के करीब साढ़े छह लाख रुपये और दो मोबाइल रखा था। दोनों पीड़ितों ने घटना की सूचना उसी दिन बेलहर पुलिस को दिया था। जिसे सुनकर डीआईजी काफी नाराज हुए। मामले का पर्दाफाश कराने का निर्देश दिया। इसी मामले में देर शाम एसपी ने बेलहर एसओ नंदू गौतम को सस्पेंड कर दिया। 

———————————————

 घटना स्थल से लेकर सिद्धार्थनगर बार्डरतक पुलिस ने खंगाला कैमरा

 बेलहर क्षेत्र में हुई लूट की घटना का पर्दाफाश करने के लिए पुलिस की पांच टीमें लगी हुई है। पुलिस की टीमें घटना स्थल से लेकर सिद्धार्थनगर बार्डर तक लगे सीसीटीवी कैमरे को खंगालने में पूरे दिन जुटी रही। पुलिस घटना से जुड़े हर पहलुओं पर गहराई से जांच कर रही है। इसमें आस-पास के जिलों के बदमाशों पर भी पुलिस की नजर गड़ी हुई है। उम्मीद है कि जल्द ही पुलिस टीम को सफलता मिल जाएगी। 

——————————–

 बेलहर क्षेत्र में हुई लूट की घटना की सूचना एसओ ने उच्चाधिकारियों को अत्यधिक विलंब से दिया। लूट की घटना का अल्पीकरण करते हुए छिनैती में केस दर्ज किया। सजगता पूर्वक दायित्व का निर्वहन नहीं करने और कार्य में लापरवाही बरतने की वजह से एसओ नंदू गौतम को सस्पेंड कर दिया। घटना के पर्दाफाश के लिए बेलहर पुलिस,एसओजी टीम,सर्विलांस टीम समेत कुल पांच टीमें लगाई गई है। छिनैती में दर्ज मुकदमें को विवेचना से लूट की धारा बढ़वाई जाएगी। उम्मीद है कि जल्द ही घटना का पर्दाफाश होगा। 

— सत्यजीत गुप्ता,एसपी

Previous articleराजस्व परिषद पर्यवेक्षक ने अंश निर्धारण, रियल टाइम खतौनी, एग्री स्टैक ,कृषि गणना का किया समीक्षा
Next articleइंडिया मार्का हैंडपंप खराब, कैसे बुझेगी बच्चों की प्यास

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here