पिकअप की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, तीन घायल।
-धनघटा और उमरिया के बीच नावन के पास घटी घटना
-जिला अस्पताल से एक घायल मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर
-तीनों घायल बस्ती जिले के लालगंज क्षेत्र के है रहने वाले
-एक ही बाइक पर सवार थे चारों युवक,नहीं पहने थे हेलमेट
——————————————-
————————————————–
संतकबीरनग।
धनघटा-उमरिया के बीच नावन के पास बुधवार को पिकअप की टक्कर से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, वहीं तीन युवक घायल हो गए। जिला अस्पताल से गंभीर रूप से घायल एक युवक शाम को मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया। चारों युवक एक ही बाइक पर सवार थे। तीनों घायल बस्ती जिले के लालगंज क्षेत्र के एक ही गांव के रहने वाले हैं।
धनघटा एसओ राम कृष्ण मिश्रा ने बताया कि एक ही बाइक पर सवार चार युवक धनघटा से उमरिया की ओर जा रहे थे। नावन गांव के पास पहुंचे ही थे कि एक पिकअप की टक्कर से बाइक सवार चारों युवक घायल हो गए। सूचना पर पुलिस कर्मी मौके पर पहुंच गए और चारों घायलों को सीएचसी हैंसर भेजवाया गया। वहां से प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने चारों घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान धनघटा क्षेत्र के मड़पौना निवासी संतराम (32) पुत्र फेंकू की मौत हो गई। जबकि गंभीर रूप से घायल बस्ती जिले के लालगंज क्षेत्र के पसड़ा निवासी गोपाल पुत्र खदेरू (22) को प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। इसके अलावा बस्ती जिले के लालगंज क्षेत्र के पसड़ा निवासी घायल पकौड़ी (25) पुत्र दयाराम, अजीत चौहान पुत्र उदयभान का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। पिकअप को कब्जे में लिया गया है। जबकि चालक फरार हो गया था। एसओ ने बताया कि बाइक सवार युवक हेलमेट नहीं पहने थे। सूचना पर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस भेजवा दिया गया है। सूचना पर पीड़ित परिजन और ग्रामीण जिला अस्पताल पहुंच गए हैं।
एक गांव मे दो मौत होने से गांव में पसरा मातम
धनघटा थाना क्षेत्र के मड़पौना में 12 घंटे के अंदर दो मौत को होने से पूरे गांव में मातम छा गया है। परिजनों का जहां रो-रो कर बुरा हाल है। वही गांव के लोग दो मौत को होने से परेशान हैं।
थाना क्षेत्र के मड़पौना में मंगलवार की रात मगर ड्यूटी कर वापस आ रहे देवेंद्र की ट्राली की ठोकर से मौत होने के बाद अभी गांव में लोग संभल नहीं पाए थे कि संतराम पुत्र फेंकू की मार्ग दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने के बाद उपचार के दौरान मौत हो गई। दोहरी मौत से गांव के लोगों में दहशत में हैं। लोग अपने घरों से निकलने में घबरा रहे हैं। ग्रामीण रामकेश चौबे, श्याम बिहारी, श्याम सुंदर, राजू आदि लोगों का कहना है कि गांव में 12 घंटे के अंतराल में दो मौत होने से गांव पर बड़ा संकट छा गया है।















