संदिग्ध हाल में विवाहिता की मौत।
-सीओ,कोतवाल और फील्ड यूनिट ने पहुंच कर की जांच पड़ताल
-परिजनों ने सीढ़ी से गिरकर चोट लगने के कारण मृत्यु होना बताया
——
संतकबीरनगर।।
कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र के सरही में शनिवार को एक विवाहिता की संदिग्ध हाल में मौत हो गई। परिजन बाइक से विवाहिता को लेकर जिला अस्पताल गए, वहां देखते ही डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पीड़ित परिजन सीढ़ी से गिरने पर चोट लगने की वजह से विवाहिता की मौत होने की बात कह रहे हैं। सूचना पर सीओ, कोतवाल और फील्ड यूनिट मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया।
सरही गांव की रहने वाली 35 वर्षीय संजीदा पत्नी अजमत अली की संदिग्ध हाल में मौत हो गई। पीड़ित पति अजमत अली ने बताया कि वह गल्ला व्यापारी है। वह सुबह गल्ला बेचने मंडी गए थे। जबकि उसकी 13 साल की बेटी सायना, 11 साल का बेटा मोहम्मद तारिक और नौ साल का बेटा मोहम्मद ताहिर स्कूल चले गए थे। करीब 11 बजे वह गल्ला बेचकर घर वापस आ गए। मां को अस्पताल दवा कराने ले जाना था। मां अंदर चप्पल लेने गई और चिल्लाते हुए बाहर निकली। उसके बाद आस-पास के लोग भी जुट गए। पत्नी संजीदा सीढ़ी से गिरकर चोटिल हो गई थी। उसे आनन-फानन में बाइक से ही लेकर जिला अस्पताल गए, वहां डॉक्टरों ने देखते ही मृत घोषित कर दिया। सूचना पर सीओ अजीत चौहान, कोतवाल सतीश सिंह और फील्ड यूनिट के पुलिस कर्मी शुभम आदि मौके पर पहुंच गए। फील्ड यूनिट ने जांच पड़ताल कर नमूना जुटाया। कोतवाल सतीश सिंह ने बताया कि मृतका के पति, सास, ससुर बच्चों तथा मायके पक्ष के लोगों व ग्रामीणों से बातचीत की गई। परिवार में किसी प्रकार का झगड़ा का होना नहीं बताया जा रहा है। यह बताया जा रहा है कि उसको झटका तथा चक्कर आने जैसी बीमारी थी। उसकी जनपद अंबेडकरनगर के किछौछा दरगाह शरीफ मजार पर झाड़ फूंक व आना- जाना था। देखने-समझने से प्रथम दृष्टया विवाहिता छत पर कपड़ा फैलाकर तथा सूप में चावल लेकर उतर रही थी। उसी दौरान वह सीढ़ी से गिर कर घायल हो गई। उन्हीं चोटों के कारण उसकी मृत्यु हो गई। वैसे पीएम रिपोर्ट से मौत का कारण स्पष्ट होगा। उसके बाद जैसी स्थिति होगी, वैसी कार्रवाई की जाएगी।















