टीबी उन्मूलन कार्यक्रम में जिले को मिली है 74वीं रैंक
संतकबीरनगर। टीबी उन्मूलन कार्यक्रम में प्रदेश स्तर पर हुई समीक्षा में जिले को 74वीं रैंक प्राप्त हुई है। जिससे जिले की छवि प्रदेश स्तर पर खराब हुई है। इस मामले में डीएम संदीप कुमार ने जिला क्षय रोग अधिकारी को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। इसके साथ ही कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी है।
डीएम संदीप कुमार ने बताया कि टीबी उन्मूलन में किए गए कार्यों की समीक्षा की तो पाया कि क्षेत्रीय कर्मचारी कार्यक्रम में रुचि नहीं ले रहे हैं। मरीजों को साधारण जांच कार्य में बार-बार आना एवं परेशान होना पड़ रहा है। इसके अतिरिक्त रोगियों को उचित आहार शुरू नहीं किया गया तथा रोगियों को अनुमन्य भुगतान कार्य में भी लापरवाही बरती जा रही है। टीबी पाजिटिव मामलों में एचआईवी मधुमेह परीक्षण कार्य शत प्रतिशत समय से नहीं किया जा रहा है। बलगम का दूसरा नमूना मात्र 12 प्रतिशत किया गया है, जबकि 100 प्रतिशत होना चाहिए। इसके साथ ही सभी टीबी रोगियो की उचित निगरानी और टीपीटी के लिए संपर्क कार्य में लापरवाही बरती जा रही है। सभी फील्ड स्टाफ के जरिए फालोअप कर शत-प्रतिशत जियो टैगिंग कार्य एवं सफल उपचार परिणाम को पोर्टल पर समय से अपलोड करने का कार्य ठीक तरीके से नहीं किया जा रहा है। इसके साथ ही टीबी मरीज गलत आहार पर इलाज जारी रखते हैं। जिससे कुछ मरीजों की मौत हो जाती है और इस मामले में समय-समय पर ऑडिट किया जाना चाहिए, लेकिन इस कार्य में भी लापरवाही बरती जा रही है। उन्होंने कहा कि जिला क्षय रोग अधिकारी को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। संतोषजनक जवाब न मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।















