लापरवाही पर सख्त डीएम शैलेष कुमार, निर्माण कार्यों में गुणवत्ता व गति सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश

लापरवाही पर सख्त डीएम शैलेष कुमार, निर्माण कार्यों में गुणवत्ता व गति सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश

 

भदोही। जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने आज जनपद में संचालित विभिन्न निर्माणाधीन परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की गुणवत्ता, प्रगति एवं व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने क्रिटिकल गैप के अंतर्गत चारदीवारी (बाउंड्री) निर्माण, चकबंदी कार्यालय की व्यवस्थाओं, अधिकारियों/कर्मचारियों हेतु विकसित किए जा रहे पार्क तथा ज्ञानपुर में निर्माणाधीन गेस्ट हाउस का स्थलीय निरीक्षण किया।

क्रिटिकल गैप के अंतर्गत बाउंड्री निर्माण के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कर्मचारियों के आवास के समीप स्थित भूमि को समतल कर सुव्यवस्थित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए, ताकि परिसर में साफ-सुथरा एवं व्यवस्थित वातावरण सुनिश्चित हो सके।

चकबंदी कार्यालय के निरीक्षण में जिलाधिकारी ने कार्यालय व्यवस्था को और अधिक सुव्यवस्थित बनाने पर जोर दिया। उन्होंने चकबंदी न्यायालय कक्ष को व्यवस्थित ढंग से विकसित करने हेतु अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बैठने हेतु समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही कार्य की सुगमता को ध्यान में रखते हुए केबिन, अलमारी, कुर्सियां तथा प्रकाश व्यवस्था को बेहतर एवं उपयोगी ढंग से विकसित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।

तत्पश्चात जिलाधिकारी ने ज्ञानपुर स्थित निर्माणाधीन गेस्ट हाउस का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने फॉल सीलिंग एवं फिनिशिंग कार्यों को उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग को दिए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि कार्यों में तेजी लाते हुए गेस्ट हाउस को शीघ्र पूर्ण कर हैंडओवर किया जाए।

जिलाधिकारी ने सभी निर्माण कार्यों को सुव्यवस्थित ढंग से क्रियान्वित करने पर बल देते हुए कहा कि कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार्य नहीं होगा। उन्होंने संबंधित निर्माण एजेंसियों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्य निर्धारित मानकों एवं गुणवत्ता के अनुरूप समयबद्ध तरीके से पूर्ण किए जाएं। उन्होंने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि निर्माण कार्यों में लापरवाही, कोताही अथवा गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व कुंवर वीरेंद्र मौर्य, संबंधित विभागों के अधिकारी एवं निर्माण एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Previous articleनंदानगर बस पार्किंग पर नगर निगम की अचानक कार्रवाई, ठेकेदार ने उठाए सवाल
Next article100 दिवसीय सघन टीबी अभियान में 229 ग्राम प्रधान सम्मानित: टीबी मुक्त गांवों का गौरव

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here