मिलावटी पनीर की बिक्री पर छापा: बाइक विक्रेता ने अधिकारियों से की नोकझोंक
गोरखपुर। दीपावली के त्योहारी मौसम में शुद्ध खाद्य सामग्री सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने सख्ती बढ़ा दी है। सहायक आयुक्त (खाद्य) डॉ. सुधीर कुमार सिंह के निर्देश पर 8 अक्टूबर से चल रहे विशेष अभियान में तीन टीमों ने जनपद भर में छापेमारी तेज कर दी है। मंगलवार शाम शास्त्री चौक पर सड़क किनारे बाइक पर मिलावटी पनीर बेचने वाले विक्रेताओं पर नकेल कसी गई।शास्त्री चौक पर दर्जनों बाइक सवार खुले में पनीर बेच रहे थे। जांच के दौरान एक बिना नंबर की बाइक पर पनीर रखकर बेच रहे विक्रेता ने अधिकारियों से उलझना शुरू कर दिया।
अपशब्दों का इस्तेमाल करते हुए वह बौखलाया और मौजूद मीडिया कैमरों को देखकर चिल्लाया, “सारी मीडिया बिकी हुई है!” काफी देर तक नोकझोंक चली। विभाग ने पनीर का नमूना संग्रहित कर राज्य प्रयोगशाला भेज दिया, जहां शुद्धता की जांच होगी। खजनी क्षेत्र के बभनान गांव निवासी धर्मेंद्र कुमार का पनीर जब्त किया गया।डॉ. सिंह ने बताया कि सोमवार को ही विक्रेताओं को निःशुल्क आई-कार्ड बनवाने की चेतावनी दी गई थी।
जांच में कई विक्रेता अनुपयुक्त पाए गए। उन्होंने कहा, “मिलावटी पनीर की बिक्री बर्दाश्त नहीं। जन स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी।” घटना की सूचना पर कोतवाली पुलिस पहुंची और शांति बहाल की।यह अभियान त्योहारों में जहरीली सामग्री से बचाने का प्रयास है। हालिया छापों में गोरखपुर में 5,000 किलो से अधिक नकली पनीर नष्ट हो चुका है। विभाग ने अपील की कि संदिग्ध बिक्री की सूचना दें। आगे कार्रवाई जारी रहेगी।















