विकास और कानून-व्यवस्था की समीक्षा: प्रभारी मंत्री राकेश सचान के कड़े निर्देश
रायबरेली। उत्तर प्रदेश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम, खादी, ग्रामोद्योग, रेशम, हथकरघा व वस्त्रोद्योग मंत्री व रायबरेली के प्रभारी मंत्री राकेश सचान ने कलेक्ट्रेट सभागार में विकास कार्यों और कानून-व्यवस्था की समीक्षा की। बैठक में जिलाधिकारी हर्षिता माथुर, पुलिस अधीक्षक, जनप्रतिनिधि और सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
मंत्री ने प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री की जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध लाभ सुनिश्चित हो। बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, आवास, पोषण और कृषि परियोजनाओं की गुणवत्ता और समयबद्धता पर जोर दिया। बिजली विभाग को कैंप लगाकर जन शिकायतों के त्वरित निस्तारण, सिंचाई विभाग को नहरों की सिल्ट सफाई में जनप्रतिनिधियों को शामिल करने और वन विभाग को पौध संरक्षण के निर्देश दिए। स्वच्छता अभियान, मिशन शक्ति, आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं के प्रभावी संचालन पर बल दिया गया।
100 एकड़ का औद्योगिक पार्क जल्द
मंत्री ने जिले में 100 एकड़ के औद्योगिक पार्क की स्थापना की घोषणा की। उन्होंने जिलाधिकारी को उपयुक्त स्थान चिन्हित कर प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए। यह पार्क स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करेगा।
कोर कमेटी बैठक में समन्वय पर जोर
पीडब्लूडी गेस्ट हाउस में आयोजित कोर कमेटी बैठक में मंत्री ने जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों के साथ विकास कार्यों, कानून-व्यवस्था और योजनाओं के क्रियान्वयन पर चर्चा की। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से क्षेत्र की समस्याएं जानीं और प्रशासन-जनप्रतिनिधि समन्वय पर बल दिया। बैठक में सदर विधायक अदिति सिंह, सलोन विधायक अशोक कुमार, ऊँचाहार विधायक डॉ. मनोज पांडेय, जिला पंचायत अध्यक्ष रंजना चौधरी सहित अन्य उपस्थित रहे।















