गांधी-शास्त्री जयंती: गोरखपुर में जिलाधिकारी ने फहराया झंडा, आदर्शों को अपनाने का दिया संदेश
गोरखपुर। महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर गुरुवार को पर्यटन भवन कलेक्ट कार्यालय में एक गरिमामय कार्यक्रम आयोजित हुआ। जिलाधिकारी दीपक मीणा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर समारोह की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने गांधीजी और शास्त्रीजी के चित्रों पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की और उनके जीवन मूल्यों व योगदान पर प्रकाश डाला।
जिलाधिकारी ने कहा, “गांधीजी ने सत्य, अहिंसा और सादगी के बल पर देश को आजादी की राह दिखाई, जबकि शास्त्रीजी ने ‘जय जवान, जय किसान’ का नारा देकर राष्ट्र को सशक्त बनाया। दोनों महापुरुषों के आदर्श आज भी हमें सेवा, सादगी और कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा देते हैं।” उन्होंने जोर देकर कहा कि इन मूल्यों को अपनाकर ही हम एक मजबूत समाज और राष्ट्र का निर्माण कर सकते हैं।उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से आह्वान किया कि गांधी और शास्त्री के सिद्धांतों को अपने कार्यों में आत्मसात करें। “यह दिन केवल श्रद्धांजलि का नहीं, बल्कि उनके दिखाए मार्ग पर चलने का अवसर है,” उन्होंने कहा। इस दौरान जिलाधिकारी ने सफाई कर्मचारियों को गिफ्ट देकर सम्मानित किया, जिससे उनका उत्साह दोगुना हुआ।
कार्यक्रम में एडीएम प्रशासन सहदेव मिश्र, एडीएम वित्त विनीत कुमार सिंह, एडीएम सिटी अंजनी कुमार सिंह, मुख्य राजस्व अधिकारी हिमांशु वर्मा, सिटी मजिस्ट्रेट उत्कर्ष श्रीवास्तव, एसीएम प्रथम प्रशांत वर्मा, एसीएम द्वितीय राजीव कुमार सहित अन्य राजपत्रित अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे।
सभी ने गांधी और शास्त्री के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।यह आयोजन न केवल एक स्मरणोत्सव रहा, बल्कि गांधीजी की अहिंसा और शास्त्रीजी की सादगी को जीवन में उतारने का संकल्प भी दिलाया।















