कुशीनगर के नए डीएम ने संभाला कार्यभार, पर्यटन और विकास पर जोर
कुशीनगर
कुशीनगर के नए डीएम महेंद्र सिंह तंवर ने गुरुवार को कोषागार कार्यालय में अभिलेखों पर हस्ताक्षर कर कार्यभार ग्रहण किया। इसके बाद उन्होंने अधिकारियों से परिचय लिया और अपनी प्राथमिकताएं साझा कीं।
उन्होंने जिले की परियोजनाओं को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने, पर्यटन विकास, विशेषकर बुद्ध सर्किट को बढ़ावा देने पर जोर दिया। डीएम ने कहा कि 61 करोड़ की लागत से चल रहे पर्यटन कार्यों, जैसे हिरण्यवती नदी का सौंदर्यीकरण और बौद्ध विहारों की सुविधाओं में वृद्धि, को तय समय में पूरा किया जाएगा।
साथ ही, उन्होंने सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने, महिला कल्याण, स्वास्थ्य, शिक्षा और पोषण पर ध्यान देने, तथा किसानों के उत्पादों की ऑनलाइन बिक्री के लिए प्रयास करने की बात कही। डीएम ने कुशीनगर को बुद्ध की महापरिनिर्वाण स्थली के रूप में नई पहचान दिलाने का संकल्प जताया।















