गोरखपुर। सहजनवां क्षेत्र के ग्राम बवंडरा में अपनी शिष्या रीता सिंह के घर पहुंचे योग गुरु स्वामी रामदेव ने कहा की सनातन संस्कृति को मिलजुल कर आगे बढ़ाना है।शौर्य और पुरुषार्थ से देश को आगे ले जाना है।उन्होंने लोगों से निरोग रहने के लिए योग अपनाने की अपील की।योग गुरु ने कहा कि 50-55 साल की उम्र की बावजूद लोगों को यदि चुस्त-दुरुस्त रहना है तो उन्हें अपने दिनचर्या में नियमित रूप से योग को शामिल करना होगा। अपना खान-पान आहार व्यवहार सब कुछ अच्छा रखना होगा।उन्होंने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री का जिक्र करते हुए कहा कि वे लगातार व्यस्त रहने और कठिन परिश्रम करने के बावजूद योग और ध्यान के लिए समय निकाल लेते हैं।उन्होंने युवाओं से अपील किया कि किसी भी सूरत में नशा से दूर रहें।नशा जीवन का नाश करता है।योग गुरु ने कहा कि समाज और देश की मजबूती के लिए आवश्यक है कि लोग मिलजुल कर रहे हैं।संयम और योग से हर व्यक्ति अपने जीवन को बेहतर बना सकता है।उन्होंने कहा की पतंजलि योगपीठ इस दिशा में वर्षों से कार्य कर रहा है। आज पतंजलि अपने लगभग एक लाख करोड़ रुपये के व्यवसायिक कारोबार से राष्ट्र सेवा में निरंतर लगा हुआ है।लोगों को शिक्षा,स्वास्थ्य तथा वैचारिक गुलामी से बाहर निकलकर एक स्वस्थ व सशक्त राष्ट्र बनाने के लिए कार्य करना होगा।तभी भारत पुनः विश्व गुरु बन सकेगा। इस अवसर पर विधायक प्रदीप शुक्ला, उद्योगपति चन्द्र प्रकाश अग्रवाल, मनोज सिंह,अभिमन्यु मौर्या, जय प्रकाश सिंह सहित कई लोग मौजूद रहे।















