दुर्गा पूजा को लेकर डीएम-एसपी ने किया शहर का भ्रमण पंडालों की तैयारियों, भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

दुर्गा पूजा को लेकर डीएम-एसपी ने किया शहर का भ्रमण

पंडालों की तैयारियों, भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

बस्ती। दुर्गा पूजा पर्व को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना और पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने मंगलवार को शहर के प्रमुख मार्गों और संवेदनशील क्षेत्रों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों ने पूजा पंडालों की तैयारियों, भीड़ प्रबंधन और प्रशासनिक इंतजामों का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

डीएम और एसपी ने कंपनी बाग, फव्वारा चौराहा, रौता चौराहा, रोडवेज चौराहा, दक्षिण दरवाजा, अस्पताल चौराहा, कोतवाली और करुआ बाबा क्षेत्र का पैदल भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं को परखा।

साफ-सफाई और विद्युत सुरक्षा पर जोर

जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि दुर्गा पूजा के मद्देनजर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं। पूजा पंडालों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में साफ-सफाई, विद्युत सुरक्षा और यातायात प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जाए। प्रमुख मार्गों और चौराहों पर आवागमन सुचारु रखा जाए। पंडालों में बिजली के कनेक्शन, तारों और उपकरणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाओं को सक्रिय रखा जाए।

उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करें और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहें।

संवेदनशील क्षेत्रों में रहेगी विशेष निगरानी

पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस की सक्रिय मौजूदगी सुनिश्चित करने को कहा। त्योहार के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रभावी पुलिस प्रबंधन पर जोर दिया।

ये अधिकारी रहे मौजूद

भ्रमण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल, सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी सदर मानसी दहिया, अपर जिलाधिकारी ज्ञान चंद्र गुप्ता, मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती, अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत, उपजिलाधिकारी सदर प्रमोद कुमार और नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी अंगद गुप्ता सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Previous articleबदायूं में अत्याधुनिक साइबर क्राइम थाने का शुभारंभ एसएसपी अंकिता शर्मा ने फीता काटकर और दीप प्रज्वलित कर किया उद्घाटन ऑनलाइन ठगी और साइबर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने में मिलेगी मदद

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here