सड़क सुरक्षा पर प्रशासन सख्त, लापरवाही पर होगी कार्रवाई
मंडल स्तरीय समीक्षा बैठक में अधिकारियों को दिए गए कड़े निर्देश, ब्लैक स्पॉट्स सुधारने और नियमों का सख्ती से पालन कराने पर जोर
गोरखपुर। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से मंडलायुक्त सभागार में सड़क सुरक्षा संबंधी मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर आयुक्त (प्रशासन) जय प्रकाश ने की। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ सड़क सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में अपर आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि सड़क सुरक्षा के मामले में किसी भी स्तर की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि दुर्घटना संभावित स्थलों (ब्लैक स्पॉट्स) की पहचान कर वहां त्वरित सुधारात्मक कार्य कराए जाएं तथा आवश्यक संकेतक, रिफ्लेक्टर, स्पीड कंट्रोल उपाय एवं अन्य सुरक्षा व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।
उन्होंने हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग को लेकर विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए तथा कहा कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जाए। ओवरलोडिंग, तेज रफ्तार वाहन संचालन और सड़क सुरक्षा मानकों की अनदेखी को दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण बताते हुए ऐसे मामलों में सख्त प्रवर्तन की आवश्यकता पर बल दिया गया।
बैठक में स्कूली वाहनों की नियमित जांच सुनिश्चित करने, फिटनेस मानकों का पालन कराने तथा यातायात नियमों के प्रति आमजन में जागरूकता बढ़ाने के लिए व्यापक अभियान चलाने पर भी चर्चा हुई। स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया गया कि सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों को समय पर और बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए, ताकि गोल्डन ऑवर के दौरान अधिक से अधिक लोगों की जान बचाई जा सके।
बैठक में एसपी ट्रैफिक अमित श्रीवास्तव, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश झा, आरटीओ संजय कुमार झा, अपर नगर आयुक्त अतुल कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की और सुझाव साझा किए।
बैठक के अंत में अपर आयुक्त ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाने के लिए ठोस और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।















