कुशीनगर रच रहा विकास के नए कीर्तिमान, कृषि विश्वविद्यालय से बदलेगी पूर्वांचल की तस्वीर : मुख्यमंत्री
इसी सत्र से शुरू होगी पढ़ाई, एयरपोर्ट, एक्सप्रेस-वे और फूड प्रोसेसिंग से बढ़ेंगे रोजगार के अवसर
कुशीनगर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को निर्माणाधीन गौतमबुद्ध कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय का निरीक्षण करने के बाद कहा कि कुशीनगर अब विकास के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। कृषि विश्वविद्यालय, अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, एक्सप्रेस-वे और औद्योगिक निवेश की योजनाएं जिले की तस्वीर और तकदीर बदलने का काम करेंगी।
निरीक्षण के बाद आयोजित प्रेस वार्ता में मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्वांचल कृषि प्रधान क्षेत्र है और यहां के किसानों को आधुनिक तकनीक, उन्नत बीज, वैज्ञानिक खेती तथा कृषि अनुसंधान का लाभ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस विश्वविद्यालय की स्थापना की जा रही है। उन्होंने बताया कि सरकार इसी शैक्षणिक सत्र से विश्वविद्यालय की प्रवेश प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी कर रही है। स्थायी परिसर का निर्माण पूरा होने तक अस्थायी व्यवस्था के तहत किराये के भवन में कक्षाएं संचालित की जाएंगी, ताकि विद्यार्थियों का समय व्यर्थ न हो और उन्हें शीघ्र इसका लाभ मिल सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह विश्वविद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं होगा, बल्कि कृषि अनुसंधान, नवाचार और तकनीकी विकास का प्रमुख संस्थान बनेगा। यहां होने वाले शोधों का सीधा लाभ किसानों तक पहुंचेगा। इससे खेती की लागत कम होगी, उत्पादन बढ़ेगा और किसानों की आय में वृद्धि होगी। उन्होंने कहा कि यह संस्थान पूर्वांचल के अन्नदाताओं की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने में मील का पत्थर साबित होगा।
कुशीनगर की बदल रही पहचान
मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ वर्ष पहले तक कुशीनगर की पहचान अव्यवस्था और पिछड़ेपन से होती थी, लेकिन आज यह जिला विकास की नई इबारत लिख रहा है। कानून व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार हुआ है और विकास परियोजनाओं को तेज गति मिली है।
उन्होंने कहा कि गोरखपुर-सिलीगुड़ी एक्सप्रेस-वे क्षेत्र की कनेक्टिविटी को नई पहचान देगा, जबकि प्रस्तावित नॉर्थ-साउथ कॉरिडोर परियोजना से पडरौना, वाराणसी और अन्य प्रमुख शहरों तक आवागमन आसान होगा। इससे व्यापार, निवेश और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
एयरपोर्ट और उद्योग देंगे नई उड़ान
मुख्यमंत्री ने कहा कि कुशीनगर को अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की सौगात पहले ही मिल चुकी है, जिससे पर्यटन और व्यापार की अपार संभावनाएं खुली हैं। आने वाले समय में यहां फूड प्रोसेसिंग इकाइयों की स्थापना की जाएगी, जिससे कृषि उत्पादों का स्थानीय स्तर पर मूल्य संवर्धन होगा और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
उन्होंने विश्वास जताया कि कृषि विश्वविद्यालय, बेहतर सड़क नेटवर्क, अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट और औद्योगिक निवेश की योजनाएं मिलकर कुशीनगर को पूर्वांचल के विकास का प्रमुख केंद्र बनाएंगी।
इस अवसर पर कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, सांसद विजय कुमार दुबे, सांसद एवं फिल्म अभिनेता रवि किशन, विधायक पी.एन. पाठक, विवेकानंद पांडेय, मोहन वर्मा, मनीष जायसवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।















