जनपद न्यायाधीश ने राजकीय सम्प्रेक्षण गृह व बालिका आश्रय गृह का किया औचक निरीक्षण, मादक पदार्थों पर सख्ती
रायबरेली,। जुवेनाइल जस्टिस कमेटी के अध्यक्ष माननीय न्यायमूर्ति अजय भनोट द्वारा जारी निर्देशों के अनुपालन में जनपद न्यायाधीश अमित पाल सिंह की अध्यक्षता में राजकीय सम्प्रेक्षण गृह एवं बालिका आश्रय गृह, रायबरेली का औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी अंजूलता, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अनिशा, जिला प्रोबेशन अधिकारी जयपाल वर्मा, बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल सिंह, जिला क्रीड़ाधिकारी तथा जिला उद्यान अधिकारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
जनपद न्यायाधीश ने आवासित किशोर अपराधियों से मादक पदार्थों के सेवन के संबंध में विस्तृत जानकारी ली और उन्हें नशीले पदार्थों से दूर रहने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने किशोरों के खानपान, रहन-सहन, पढ़ाई, खेलकूद तथा व्यावसायिक शिक्षा की स्थिति का जायजा लिया और अधीक्षक को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
बालिका आश्रय गृह के निरीक्षण के दौरान बालिकाओं को मादक पदार्थों और नशीली दवाओं के हानिकारक प्रभावों के बारे में जागरूक किया गया। परिसर में स्थित बैडमिंटन कोर्ट खराब पाए जाने पर प्रबंधक गांधी सेवा निकेतन को मुख्य विकास अधिकारी के सहयोग से इसे तुरंत ठीक कराने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के उपरांत राजकीय सम्प्रेक्षण गृह में आवासित किशोर अपराधियों के लिए विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अनिशा ने बच्चों को निःशुल्क विधिक सहायता के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही बच्चों के लिए स्वास्थ्य शिविर का भी आयोजन किया गया।
इस अवसर पर अधीक्षक राजकीय सम्प्रेक्षण गृह रन बहादुर वर्मा, डिप्टी लीगल एड डिफेंस काउंसिल जय सिंह यादव और पराविधिक स्वयंसेवक पवन कुमार श्रीवास्तव उपस्थित रहे।















