छठ पर्व: मुख्य सचिव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से की समीक्षा, स्वच्छता-सुरक्षा पर जोर
गोरखपुर। मुख्य सचिव एस.पी. गोयल ने लखनऊ से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए छठ पर्व की तैयारियों की समीक्षा की। गोरखपुर मंडलायुक्त सभागार में आयोजित इस बैठक में शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के घाटों पर स्वच्छता, प्रकाश, यातायात और सुरक्षा प्रबंधन पर विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए।बैठक में एडीजी जोन मुथा अशोक जैन, डीआईजी/एसएसपी रेंज एस. चनप्पा, मंडलायुक्त अनिल ढींगरा, जिलाधिकारी दीपक मीणा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राज करन नय्यर, एसपी सिटी अभिनव त्यागी, अपर आयुक्त अजय राय, एडीएम प्रशासन सहदेव मिश्रा, एडीएम सिटी अंजनी कुमार सिंह सहित नगर निगम, पंचायत राज, जल निगम, विद्युत, स्वास्थ्य और परिवहन विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।मुख्य सचिव ने कहा, “छठ लोकआस्था का महान पर्व है, जहाँ लाखों श्रद्धालु शहरी-ग्रामीण घाटों पर सूर्य उपासना करते हैं।” नगर निगम, ग्राम पंचायतों और ब्लॉक स्तर के अधिकारियों को घाटों की सफाई, कचरा निस्तारण, चूना छिड़काव, काई हटाने और जल निकासी की व्यवस्था सतर्कता से करने को कहा। बिजली विभाग को सभी घाटों पर रोशनी दुरुस्त रखने और जरूरत पड़ने पर अस्थायी लाइटिंग-जनरेटर लगाने का निर्देश दिया।
पुलिस और यातायात विभाग को भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन और सुरक्षा पर ध्यान देने को कहा गया। ग्रामीण घाटों पर पुलिस बल और महिला कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने का आदेश दिया गया। डीएम मीणा ने बताया कि शहर के 110 और ग्रामीण क्षेत्रों के 150 से अधिक घाटों पर सफाई, प्रकाश और सुरक्षा का कार्य तेज है। ग्राम पंचायतों को स्थानीय घाट तैयार करने के निर्देश दिए गए।एडीजी अशोक जैन और एसएसपी नय्यर ने शहरी घाटों (मानसरोवर पोखरा, सूर्यकुंड, रामघाट, गोरखनाथ घाट, भीम सरोवर) और ग्रामीण नदी-तालाबों पर पुलिस, पीएसी और यातायात कर्मियों की तैनाती की बात कही। ड्रोन कैमरों से निगरानी होगी।
मंडलायुक्त ढींगरा ने नगर निगम-ग्रामीण विकास विभाग की संयुक्त टीमों के दैनिक निरीक्षण की जानकारी दी।मुख्य सचिव ने लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी और शांतिपूर्ण, स्वच्छ पर्व सुनिश्चित करने को कहा। अधिकारियों ने श्रद्धालुओं को असुविधा से बचाने का आश्वासन दिया।















