गांधी-शास्त्री जयंती: सदर तहसील में ध्वजारोहण व सर्वधर्म सभा के साथ महान विभूतियों को नमन
गोरखपुर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर गुरुवार को सदर तहसील परिसर में एक प्रेरणादायी कार्यक्रम आयोजित हुआ। उपजिलाधिकारी (एसडीएम) सदर दीपक गुप्ता ने ध्वजारोहण के साथ समारोह की शुरुआत की और दोनों महान विभूतियों के चित्रों पर माल्यार्पण व पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर सर्वधर्म सभा का आयोजन किया गया, जिसमें सभी धर्मों के लोगों से आपसी भाईचारा, सद्भाव और सेवा का संदेश साझा किया गया।एसडीएम दीपक गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा, “गांधीजी ने सत्य और अहिंसा के रास्ते पर चलकर न केवल भारत को आजादी दिलाई, बल्कि विश्व को शांति का मार्ग दिखाया।
लाल बहादुर शास्त्री ने ‘जय जवान, जय किसान’ का नारा देकर देश की रीढ़ को मजबूत किया।” उन्होंने जोर देकर कहा कि इन महान नेताओं के सपनों को साकार करने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को उनके आदर्शों को अपनाना होगा। “गांधी और शास्त्री का जीवन त्याग, सादगी और कर्तव्यनिष्ठा का प्रतीक है।
प्रशासनिक सेवा में कार्यरत हर व्यक्ति को इन मूल्यों को अपने कार्यों में उतारना चाहिए,” उन्होंने कहा।कार्यक्रम में डिप्टी कलेक्टर/तहसीलदार सदर ज्ञान प्रताप सिंह, नायब तहसीलदार देवेंद्र यादव, आकांक्षा पासवान, अरविंद नाथ पांडेय, राकेश शुक्ला और नीरू सिंह सहित तहसील के सभी कर्मचारी मौजूद रहे।
सभी ने गांधी और शास्त्री के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर नमन किया और उनके दिखाए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। सर्वधर्म सभा में भाईचारा, सहिष्णुता और सेवा भाव को सर्वोपरि रखने की अपील की गई।















