पुलिस मुठभेड़ में मास्टरमाइंड मोहर्रम पकड़ा, दरोगा की पिस्टल छीनकर भागने का प्रयास।
गोरखपुर। पिपराइच थाना क्षेत्र में रविवार की भोर करीब 4 बजे पुलिस ने एक शातिर बदमाश को मुठभेड़ में दबोच लिया। जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। बदमाश की पहचान महराजगंज के निचलौल थाना क्षेत्र के बूढाडीह निवासी मोहर्रम उर्फ राहुल के रूप में हुई, जो एक बड़े मानव तस्करी गिरोह का मास्टरमाइंड है।मोहर्रम राजस्थान और हरियाणा में लड़कियों को बेचने का अवैध धंधा चलाता था और इस गिरोह के कुछ सदस्यों को दो दिन पहले पुलिस ने गिरफ्तार किया था। पूछताछ में उसका नाम सामने आने के बाद पुलिस ने उसे ट्रेस किया। घटना के दौरान पिपराइच क्षेत्र में मौका मुआयना के दौरान मोहर्रम ने एक महिला दरोगा की कमर से पिस्टल छीनकर भागने का प्रयास किया और फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे नियंत्रित किया गया।एसपी उत्तरी जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि मोहर्रम के खिलाफ पिपराइच थाने में केस दर्ज है। वह लड़कियों को बेचने के साथ-साथ उन्हें देश के खिलाफ भड़काने का भी काम करता था। पुलिस इस मामले की गहन जाँच कर रही है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है। घटना से क्षेत्र में पुलिस की सख्ती का संदेश गया है।















