अपर निदेशक ने की नगर पंचायतों के विकास कार्यों की समीक्षा
गोरखपुर, 1 जून 2025: अपर निदेशक स्थानीय निकाय, उत्तर प्रदेश, असलम अंसारी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद की नगर पंचायतों में विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। उन्होंने वर्षा ऋतु को देखते हुए नालों की सफाई, स्वच्छता और पेयजल उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अंसारी ने गौशाला निर्माण के लिए गैर-विवादित भूमि उपलब्ध होने पर शासन को धनराशि के लिए प्रस्ताव भेजने का निर्देश दिया। गोला बाजार और उरुवा बाजार के अधिशासी अधिकारियों ने बताया कि गौशाला के लिए भूमि उपलब्धता में उप जिलाधिकारी, गोला से देरी हो रही है।
बैठक में उरुवा बाजार में 16 करोड़ रुपये की अप्रयुक्त धनराशि का उपयोग तुरंत करने और नवनिर्मित कार्यालय भवन के हस्तांतरण में देरी के लिए पूर्व अधिशासी अधिकारी संजय तिवारी से पत्रावली व चाबी प्राप्त करने के निर्देश दिए गए।
अपर निदेशक ने एमआरएफ सेंटर्स की स्थिति जानी। जिला कार्यक्रम प्रबंधक पूजा राय ने बताया कि सभी नगर पंचायतों में सेंटर कार्यरत हैं, लेकिन बड़हलगंज और घघसरा बाजार में बिजली कनेक्शन की कमी के कारण मैनुअल संचालन हो रहा है। विद्युत विभाग से तत्काल कनेक्शन के लिए पत्राचार का निर्देश दिया गया।
अपर जिलाधिकारी प्रशासन पुरुषोत्तम दास गुप्ता ने गैर-विवादित भूमि की पुष्टि बिना प्रस्ताव भेजने की समस्या पर ध्यान दिलाया, जिससे धनराशि अप्रयुक्त रहती है। उन्होंने शासकीय धन के अपव्यय को रोकने के लिए सख्ती से कार्यवाही के निर्देश दिए। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।















